रामल्लाह। भारत ने फिलिस्तीन में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने, बिजली संकट कम करने और क्षमता निर्माण के उद्देश्य से फोटोवोल्टिक (PV) सोलर पैनल, स्टडी लैंप और रूफटॉप सिस्टम स्थापित करने में सहायता प्रदान की है। यह सहयोग शिक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और मानवीय सहायता के माध्यम से फिलिस्तीनी क्षेत्रों की स्थिरता और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने पर केंद्रित है। फिलिस्तीन में भारत की प्रतिनिधि महिमा सिकंद ने अल-बिरेह शहर के मेयर इस्लाम अल-तविल और अल-बिरेह नगर पालिका के साथ भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट (QIP) के तहत पीवी सोलर पैनल स्थापना के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

अयोध्या में बनेगी वैदेही आर्ट गैलरी, सीता माता के जीवन-चरित से जुड़ेगी नई पीढ़ी
भारत के प्रतिनिधि कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह परियोजना नगर पालिका के लिए 50 किलोवाट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन करेगी। यह QIP परियोजना स्थानीय आवश्यकताओं को सीधे संबोधित करती है और भारत के मांग-आधारित विकास साझेदारी मॉडल को दर्शाती है, जिसका लक्ष्य ठोस और लोगों पर केंद्रित परिणाम देना है। बयान में कहा गया कि यह पहल फिलिस्तीन और अल-बिरेह नगर पालिका के साथ भारत की दीर्घकालिक मित्रता पर आधारित है और वेस्ट बैंक में डिजिटल लर्निंग, सामुदायिक कल्याण और नवीकरणीय ऊर्जा को समर्थन देने वाली परियोजनाओं की श्रृंखला की नवीनतम कड़ी है।

भारत वर्षों से फिलिस्तीन को प्रत्यक्ष रूप से और संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से विकासात्मक सहायता प्रदान करता रहा है। बीते 11 वर्षों में भारत ने फिलिस्तीन के लिए अपनी विकास सहायता को दोगुना किया है, जो कुल मिलाकर लगभग 80 मिलियन डॉलर तक पहुंच चुकी है। भारत ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर फिलिस्तीन के लोगों के प्रति अपने समर्थन को दोहराया है और गाजा शांति योजना सहित चल रहे शांति प्रयासों का स्वागत किया है।
हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित भारत-अरब विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान फिलिस्तीन की विदेश मामलों और प्रवासी मंत्री वारसेन अघबेकियान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान गाजा शांति योजना, क्षेत्रीय घटनाक्रमों और विकास सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ।
|