Republic Day 2026: देखें पिछले सालों के \“पावरफुल\“ मेहमानों की लिस्ट (Image Source: X)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आज 26 जनवरी को भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस साल का समारोह बेहद खास होने वाला है क्योंकि इस बार यूरोपीय संघ के शीर्ष नेता, उर्सुला वॉन डेर लेयेन और एंटोनियो कोस्टा, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह इतिहास में पहली बार होगा जब यूरोपीय संघ के नेता इस भव्य समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।
बता दें, बरसों से गणतंत्र दिवस के अवसर पर दुनिया भर के शक्तिशाली नेताओं को आमंत्रित करने की परंपरा रही है। आइए एक नजर डालते हैं पिछले कुछ वर्षों के मुख्य अतिथियों और उन खास पलों पर (Republic Day Chief Guest List)।
(Image Source: X)
अमेरिका और फ्रांस के साथ गहरी दोस्ती
साल 2015 एक ऐतिहासिक वर्ष था जब बराक ओबामा गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि बनने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने। वहीं, फ्रांस भारत का सबसे करीबी साझेदार रहा है। 2016 में फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद और 2024 में इमैनुएल मैक्रों ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की थी। मैक्रों की यात्रा छठी बार थी जब फ्रांस के किसी राष्ट्राध्यक्ष को यह सम्मान मिला, जो दोनों देशों के मजबूत रक्षा संबंधों को दर्शाता है।
(Image Source: X)
एशिया और आसियान का अनोखा साल
साल 2018 का गणतंत्र दिवस बहुत ही अनोखा था। इस वर्ष किसी एक देश को नहीं, बल्कि आसियान (ASEAN) के सभी 10 सदस्य देशों के नेताओं को आमंत्रित किया गया था। इसमें थाईलैंड, वियतनाम, इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, म्यांमार, कंबोडिया, लाओस और ब्रुनेई के नेता शामिल थे।
(Image Source: X)
इसके अलावा, 2025 में 76वें गणतंत्र दिवस पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियंतो मुख्य अतिथि थे। यह चौथी बार था जब इंडोनेशियाई नेता को इस भव्य अवसर के लिए आमंत्रित किया गया था।
खाड़ी देश, अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका से मेहमान
(Image Source: X)
- यूएई (2017): 2017 में शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान मुख्य अतिथि थे। उस समय वह अबू धाबी के क्राउन प्रिंस थे और वर्तमान में वह यूएई के राष्ट्रपति हैं।
- दक्षिण अफ्रीका (2019): 1995 में नेल्सन मंडेला के बाद, 2019 में राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा मुख्य अतिथि बने। राष्ट्राध्यक्ष के रूप में यह उनकी पहली भारत यात्रा थी।
- ब्राजील (2020): ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो 2020 में मुख्य अतिथि थे। फर्नांडो हेनरिक कार्डोसो (1996) और लूला दा सिल्वा (2004) के बाद यह तीसरा मौका था जब ब्राजील के किसी राष्ट्रपति को आमंत्रित किया गया।
- मिस्र (2023): साल 2023 में पहली बार मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी को गणतंत्र दिवस समारोह के लिए मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।
जब कोई अतिथि नहीं आया
वैश्विक महामारी COVID-19 के कारण, भारत ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साल 2021 और 2022 में किसी भी विदेशी मुख्य अतिथि को आमंत्रित नहीं किया था।
यह भी पढ़ें- Happy Republic Day 2026: इन 77 खूबसूरत संदेशों से अपनों को दें 77वें गणतंत्र दिवस की बधाई
यह भी पढ़ें- Republic Day 2026: गणतंत्र दिवस पर पिछले 16 सालों में कौन-कौन से राज्य रहे झांकी के विजेता? देखें पूरी लिस्ट |
|