search

धान खरीद में खेल, नियमों को ताक पर रख किया सत्यापन, 1380 भूमिहीन किसानों से खरीदा 150061 क्विंटल धान

LHC0088 2026-1-25 15:26:43 views 1026
  



जागरण संवाददाता, हरदोई। सरकारी धान खरीद में निरंतर खेल सामने आ रहा है। भूमिहीन व्यक्तियों के नाम पर धान खरीद दर्शाने के खेल की शुरुआत तहसील स्तर से होती है। पंजीयन नियमों को ताक पर रखकर भूमिहीन किसानों के अभिलेखों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि जिन व्यक्तियों के पास कृषि योग्य भूमि तक नहीं है, उनकी फर्जी खतौनी के आधार पर पंजीयन कराया जा रहा है। थोड़े से लालच में बिना स्थलीय जांच के लेखपालों की ओर से फर्जी पंजीयन का सत्यापन किया जा रहा है। मिलर्स और केंद्र प्रभारियों की सांठ-गांठ से केंद्रों पर धान की बिक्री की जा रही है।

पिछले दिनों शाहाबाद के 450 फर्जी किसानों से धान खरीद का मामला सामने आया था। अब शाहाबाद और संडीला तहसील क्षेत्र के 11 गांवों के 1380 भूमिहीन किसानों से 1,50,061 क्विंटल धान की फर्जी खरीद किए जाने का मामला सामने आया है।

इस मामले में शाहाबाद व संडीला के चकबंदी अधिकारियों और संबंधित लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जांच में सामने आया है कि इस खेल की शुरुआत तहसील स्तर पर किसानों के पंजीयन से ही हो गई थी, जिन व्यक्तियों के पास कृषि योग्य भूमि नहीं थी, उनके नाम फर्जी खतौनी तैयार कराकर धान खरीद के लिए पंजीयन कराया गया।

आधार कार्ड से ओटीपी लेकर पंजीयन को किया लॉक

आधार कार्ड के माध्यम से ओटीपी लेकर पंजीयन को लाक किया गया। इसके बाद नियमों के विपरीत अभिलेखों का सत्यापन कराया गया। जिम्मेदार लेखपालों ने यह जांचना जरूरी नहीं समझा कि पंजीकृत किसानों ने वास्तव में कितने रकबे में धान की फसल बोयी है। पंजीयन सही है या नहीं। बिना स्थलीय निरीक्षण के ही अभिलेखों को सत्यापित कर दिया गया। इसके बाद मिलर्स और क्रय केंद्र प्रभारियों से सांठगांठ कर इन भूमिहीन व्यक्तियों के नाम पर केंद्रों पर धान की बिक्री कराई और भुगतान भी करा लिया।

हालात यह है वास्तविक और जरूरतमंद किसान एक केंद्र से दूसरे केंद्र के चक्कर काटते रहे, लेकिन उनका धान खरीदा नहीं गया। वहीं फर्जी अभिलेखों के सहारे भूमिहीनों के नाम पर बड़े पैमाने पर सरकारी धान खरीद दिखा दी गई।
गलत सत्यापन में पांच लेखपालों पर गिर चुकी गाज : धान व बाजरा खरीद के पंजीयन अभिलेखों के गलत सत्यापन में आठ लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिनमें से पांच लेखपाल निलंबित हो चुके हैं।

इन गांवों में हुआ खेल : टिकारी, राभा, भटपु, मलेहरा, जाजूपुर, महमूदपुर सरैया, वाजिदनगर, अंदा इब्राहिमपुर, दत्योनापुर, रसूलपुर आंट व भीखपुर ऐमा के फर्जी किसानों के माध्यम से धान खरीद में खेल किया गया है।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
167126