search

सूरजदेव सिंह की बेटी ज्योति सिंह मानगो मेयर चुनाव में, परिवार का मिला पूरा समर्थन

Chikheang 2026-1-24 23:57:08 views 1076
  

जमशेदपुर में स्वागत के दौरान माला के अंदर ज्योति सिंह, रागिनी सिंह, संजीव सिंह, सिद्धार्थ गौतम और अमरजीत सिंह।  



मृत्युंजय पाठक, धनबाद। झरिया कोयलांचल की राजनीति से जुड़ा सूरजदेव सिंह परिवार एक बार फिर चर्चा में है। झरिया के दिवंगत और बहुचर्चित विधायक सूरजदेव सिंह की छोटी पुत्री ज्योति सिंह ने अब सक्रिय राजनीति में कदम रख दिया है। वह जमशेदपुर के मानगो नगर निगम के मेयर पद का चुनाव लड़ने जा रही हैं। उनके चुनावी मैदान में उतरने से कोल्हान की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।

  
विधायक रागिनी सिंह और परिवार ने बढ़ाया हौसला

ज्योति सिंह की राजनीतिक शुरुआत को मजबूती देने के लिए शनिवार को परिवार के प्रमुख सदस्य जमशेदपुर पहुंचे। झरिया की वर्तमान विधायक रागिनी सिंह, पूर्व विधायक संजीव सिंह और सिद्धार्थ गौतम उर्फ मनीष सिंह ने उनके साथ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। यह दौरा सिर्फ पारिवारिक समर्थन नहीं बल्कि एक संगठित राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
परिवार की लंबी राजनीतिक विरासत

सूरजदेव सिंह ने 1977 में अविभाजित बिहार के दौरान झरिया से विधायक बनकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। उनका प्रभाव झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश तक फैला। उनके भाई बिक्रम सिंह यूपी के बैरिया से विधायक रहे, जबकि दूसरे भाई बच्चा सिंह झरिया से विधायक और झारखंड सरकार में मंत्री बने। उनकी पत्नी कुंती सिंह भाजपा के टिकट पर दो बार झरिया से विधायक चुनी गईं।
नई पीढ़ी भी राजनीति में सक्रिय

सूरजदेव सिंह के पुत्र संजीव सिंह भी झरिया से विधायक रह चुके हैं और अब उनकी पत्नी रागिनी सिंह विधायक हैं। पुत्र सिद्धार्थ गौतम भी सक्रिय राजनीति में हैं। बड़ी बेटी किरण सिंह बिहार के भोजपुर में जिला परिषद का चुनाव लड़ चुकी हैं। अब छोटी बेटी ज्योति सिंह भी पूरी तरह राजनीतिक रूप से सक्रिय हो गई है।
जमशेदपुर दौरा और जनसंपर्क

शनिवार को सिंह परिवार के सदस्यों ने जमशेदपुर के प्रसिद्ध काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद पारडीह चौक, डिमना चौक, उलीडीह, पारसनगर, हीरा होटल और मानगो चौक पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा और एनडीए समर्थित उम्मीदवारों की जीत होगी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है।
सरयू राय से मुलाकात के राजनीतिक मायने

जमशेदपुर प्रवास के दौरान रागिनी सिंह, संजीव सिंह और ज्योति सिंह ने जमशेदपुर पश्चिम के जदयू विधायक सरयू राय से भी मुलाकात की। राजनीतिक हलकों में इसे ज्योति सिंह के लिए स्थानीय स्तर पर चुनावी समीकरण मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। इससे साफ है कि ज्योति सिंह की उम्मीदवारी को सिर्फ पारिवारिक नहीं बल्कि व्यापक राजनीतिक समर्थन दिलाने की कोशिश की जा रही है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
169244