इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, बंदरा (मुजफ्फरपुर)। हत्था थाना क्षेत्र के हत्था मलह टोली के निकट रात्रि गश्ती कर लौट रही पुलिस टीम पर दो दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमलावरों ने शस्त्र भी छीनने का प्रयास किया।
हमले में दारोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में एक महिला पुलिस कर्मी भी शामिल हैं। जान बचाकर किसी तरह पुलिस कर्मी थाने पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजा गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह हत्था थाना की पुलिस टीम रात्रि गश्ती कर लौट रही थी। इसी दौरान मलह टोली के पास दो दर्जन से अधिक लोगों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। गुस्से में हमलावरों का कहना था कि इन्हीं पुलिस वालों ने मिट्टी लदे उनके ट्रैक्टर और जेसीबी को रोका था।
आरोप है कि पुलिस जब तक कुछ समझती, भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में अवर निरीक्षक संकेत कुमार, सिपाही चंदन कुमार के अलावा महिला पुलिस कर्मी विंध्यवासिनी कुमारी घायल हो गई। इस दौरान पुलिस टीम का शस्त्र भी छीनने का प्रयास किए जाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार किसी तरह जान बचाकर भागने के बाद घायलों का इलाज बंदरा सीएचसी में कराया गया। मामले में हत्था थाने के गगराहा निवासी मनोज राय, प्रेम कुमार, हत्था बारी टोला के चंदन राय, जितेंद्र राय, बेनीबाद थाना क्षेत्र के बदेया निवासी राम प्रवेश राय के अलावा समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना अंतर्गत गंगोरा के निवासी दीपक राय, राम ललित सहनी, देबू राम और कमल राय को नामजद एवं 15-20 अज्ञात को आरोपित किया गया है।
हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और शस्त्र छीनने के प्रयास के मामले में नौ नामजद व 15-20 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में नामजद मनोज राय को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेजा गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। |