search

तीन दिवसीय UP Diwas 2026 में इस बार की थीम ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’, 24 से आयाेजन

deltin33 2026-1-23 13:26:50 views 1250
  

यूपी दिवस-2026 में ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम



राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : उत्तर प्रदेश राज्य का स्थापना दिवस इस वर्ष तीन दिन तक मनाया जाएगा। यूपी दिवस-2026 की थीम ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ है। भारत सरकार में गृह एवं सहाकरिता मंत्री अमित शाह 24 जनवरी को लखनऊ में नवसृजित राष्ट्र प्रेरणा स्थल प्रांगण में यूपी दिवस-2026 का उद्घाटन करेंगे।

उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को इस बार और भव्य, सांस्कृतिक और जनभागीदारी वाला बनाने की तैयारी है। 24 से 26 जनवरी 2026 तक मनाए जाने वाले उत्तर प्रदेश दिवस (UP Diwas 2026) में प्रदेश की संस्कृति, शिल्प, व्यंजन और विकास यात्रा को एक साथ मंच मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यूपी दिवस-2026 की तैयारियों की समीक्षा की और साफ कहा कि इस बार का आयोजन केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनोत्सव होना चाहिए, जिसमें हर जिले की भागीदारी और प्रदेश की आत्मा दिखाई दे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां गरिमा, अनुशासन और समयबद्धता के साथ पूरी की जाएं।
लखनऊ से पूरे प्रदेश में एक साथ उत्सव

यूपी दिवस-2026 का मुख्य समारोह लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया जाएगा, ताकि एक साथ पूरे उत्तर प्रदेश में यूपी दिवस का उत्सव मनाया जा सके। इसके साथ ही सभी जिलों में स्थानीय स्तर पर भी सांस्कृतिक और विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी जनपदों में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश हैं। कार्यक्रम स्थलों का चयन समयबद्ध ढंग से पूरा करने और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें कार्यक्रमों में आमंत्रित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
विदेश में भी मनाया जाएगा यूपी दिवस

उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से विदेशों में भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के लिए एमएसएमई और पर्यटन विभाग से सोवेनियर उपलब्ध कराए जाएंगे।
‘एक जनपद-एक व्यंजन’ से यूपी का स्वाद

यूपी दिवस का इस बार सबसे बड़ा आकर्षण होगा ‘एक जनपद-एक व्यंजन’। इसके तहत उत्तर प्रदेश के हर जिले के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजन एक ही परिसर में उपलब्ध होंगे। आगंतुकों को कचौड़ी-सब्जी से लेकर कबाब, मिठाइयों से लेकर देसी पकवानों तक, यूपी के विविध स्वादों से रूबरू होने का मौका मिलेगा।  
संस्कृति उत्सव और शिल्प मेले का आयोजन

यूपी दिवस-2026 में ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी और शिल्प मेला भी लगाया जाएगा। इसमें प्रदेश की विकास यात्रा, इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, कृषि, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की झलक दिखाई जाएगी। साथ ही लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला रूपों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि संस्कृति उत्सव 2025-26 के कार्यक्रमों को यूपी दिवस से जोड़ा जाए और कलाकारों व दर्शकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि यूपी दिवस-2026 ऐसा आयोजन बने, जो प्रदेश की संस्कृति, स्वाद, शिल्प और विकास दृष्टि को एक साथ दिखाए और हर आगंतुक के लिए गर्व और प्रेरणा का कारण बने।
ओडीओपी, जीआई टैग व स्थानीय व्यंजन आकर्षण

‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत शिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनी और विक्रय की व्यवस्था है। जीआई टैग प्राप्त ओडीओपी उत्पादों को ट्रेड शो की तर्ज पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ के उत्पादों का भी प्रदर्शन और विक्रय कराया जाएगा।
मिशन शक्ति व वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर विशेष

मिशन शक्ति, नवाचार और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए कि युवा पीढ़ी के लिए अनुकरणीय व्यक्तित्वों, पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, संस्कृति-कला जगत की हस्तियों, खेल, पंचायती राज, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, कृषि और श्रम विभाग से जुड़े उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाए।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
478039