search

जम्मू-कश्मीर में दिखा पश्चिमी विक्षोभ का असर, आंधी-तूफान के साथ बारिश और बर्फबारी; कई इलाकों में बिजली गुल

Chikheang 2026-1-23 08:26:48 views 919
  

पुंछ और अनंतनाग में 60-80 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हवाएं, बर्फबारी और बारिश के बाद कई जगहों पर बिजली गुल। फाइल फोटो



जागरण संवाददाता, श्रीनगर/जम्मू। जम्मू-कश्मीर में वीरवार की शाम एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई पर्वतीय हिस्सों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। इस बीच पुंछ में 80 और अनंतनाग में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ।

कठुआ में भी तेज हवाएं चलीं। जम्मू में कई जगहों पर पेड़, खंभे और बिजली तार गिर गए। अचानक बदलाव से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई थी। लोगों को कमजोर ढांचों, बिजली के खंभों के पास आवाजाही न करने की सलाह दी गई है।

वहीं, मौसम के मिजाज को देखते हुए पुंछ में आगामी 28 जनवरी तक स्वास्थ्य कर्मियों की छुटिट्यां रद कर दी गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के लगभग हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होगी। लेकिन कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।

कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पीर पंजाल रेंज, चिनाब वैली और दक्षिण कश्मीर के कई जिले अधिक प्रभावित होंगे। इस अवधि में किसानों को कृषि गतिविधियां निलंबित करने की सलाह दी गई है। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने का खतरा रहेगा।

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य महत्वपूर्ण मार्ग प्रभावित हो सकते हैं। 26 और 27 जनवरी को भी एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इस अवधि में भी बारिश और बर्फबारी होगी। मंडलायुक्त जम्मू और कश्मीर प्रशासन को उचित आपात प्रबंधन करने को कहा गया है। पर्यटन स्थल गुलमर्ग सहित अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में देर शाम को बर्फबारी हो रही थी। घाटी में शीतलहर बढ़ने से दिन के पारे में जबरदस्त गिरावट आई है।

जम्मू समेत अन्य मैदानी इलाकों में भी फिर से ठंडक का अहसास बढ़ा है। यहां देर शाम को कई हिस्सों में हवाएं चलने के साथ बारिश हो रही थी। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक डॉ. मुख्तयार अहमद ने कहा कि बारिश और बर्फबारी से तापमान में फिर बदलाव आएगा। प्रदेश में आगामी मौसम के लिए संबंधित विभागों को सूचित किया गया है।

वहीं, राजधानी श्रीनगर समेत घाटी के अन्य हिस्सों में शुक्रवार सुबह से ही बादल छाए रहे। इससे दिन के पारे में भी गिरावट आई है। श्रीनगर में दिन का पारा 7.5, पहलगाम में 6.0, और गुलमर्ग में 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रात का पारा भी शून्य डिग्री से नीचे चल रहा है।

जम्मू में अधिकतम तापमान 20.5 और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़गाम व बारामुला में तेज हवाओं के चलने से कश्मीर के मध्य और उत्तरी क्षेत्रों में कई आवासीय संरचनाओं को नुकसान पहुंचा। कई घराें की छत उड़ गईं। कुलगाम में एक लड़की पेड़ की शाखा गिरने से जख्मी हो गई।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
169102