search

77वें गणतंत्र दिवस से पहले निर्जन द्वीप पर लहराया तिरंगा, ओडिशा की तटीय सुरक्षा को मिलेगा नया बल

deltin33 2026-1-23 02:55:45 views 910
  

77वें गणतंत्र दिवस से पहले निर्जन द्वीप पर लहराया तिरंगा। फोटो जागरण



जागरण संवाददाता, अनुगुल। 77वें गणतंत्र दिवस से पहले ओडिशा पुलिस ने गुरुवार को भद्रक जिले के धामरा बंदरगाह के पास स्थित निर्जन उदयबली द्वीप पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण कर तटीय सुरक्षा और राष्ट्रीय संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश दिया। इस विशेष कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) योगेश बहादुर खुरानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

सभा को संबोधित करते हुए डीजीपी ने भारत की लंबी तटरेखा की सुरक्षा में दिन-रात सतर्क रहने वाले सुरक्षा बलों के साहस, बलिदान और समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि ओडिशा पुलिस ने तटीय सुरक्षा ढांचे को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की है, जिसके लिए राज्य सरकार ने चालू वित्त वर्ष के बजट में 149 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

डीजीपी ने बताया कि इस राशि से समुद्री गश्त के लिए इंजन चालित नौकाओं और ट्रॉलरों की खरीद, प्रत्येक समुद्री पुलिस स्टेशन को ड्रोन से लैस करना, नौसेना विशेषज्ञों और तकनीकी सलाहकारों की नियुक्ति, मछली उतारने के केंद्रों पर विशेष समुद्री पुलिस अधिकारियों की तैनाती और तटीय इलाकों में सामुदायिक पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा।

इसके साथ ही मछली उतारने के केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और समुद्री पुलिस स्टेशनों पर नियंत्रण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन सभी सुविधाओं को भुवनेश्वर स्थित अत्याधुनिक कमान एवं नियंत्रण केंद्र से जोड़ा जाएगा, जिससे समुद्री निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए डीजीपी खुरानिया ने कहा कि निर्जन तटीय द्वीपों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना ओडिशा पुलिस के अटूट संकल्प, देश की भूमि और समुद्र की सुरक्षा के प्रति दृढ़ विश्वास तथा राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल, सीमा शुल्क विभाग, मत्स्य विभाग, खुफिया विभाग, वन विभाग, राज्य पुलिस के जवानों, स्थानीय निवासियों और मछुआरों का आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि नवंबर 2024 में ओडिशा में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशकों के सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्देश दिया था कि गणतंत्र दिवस या उससे एक दिन पहले तटीय राज्यों के निर्जन द्वीपों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। इसी के अनुपालन में मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने राज्य के निर्जन तटीय द्वीपों की पहचान कर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए थे।

इसके तहत आगामी तीन दिनों में केंद्रपाड़ा जिले के कनिका सैंड्स, लॉन्ग व्हीलर (बाबूबाली), कोकोनट व्हीलर, स्मॉल व्हीलर, नयातापु, बुद्धिया बाली और हुकितोला, पुरी जिले के कडुआपला, धनिछड़ा और परिकुड, तथा नलबन और कलिजाई द्वीप पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

उदयबली द्वीप पर आयोजित कार्यक्रम में एडीजीपी (रेलवे व तटीय सुरक्षा) अरुण बोथरा, डीआईजी (नॉर्थर्न रेंज) पिनाक मिश्रा, भद्रक एसपी मनोज राउत, एआईजी (समुद्री) सत्यजीत मिश्रा सहित तटीय सुरक्षा से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी, प्रतिनिधि और कर्मी उपस्थित रहे।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
477997