search

औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, कार–बाइक की टक्कर से दो युवकों की मौत

deltin33 2026-1-21 09:26:43 views 835
  

कार–बाइक की टक्कर से दो युवकों की मौत



जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। दाउदनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दाउदनगर–गया मुख्य मार्ग पर मखरा और सिहारी गांव के बीच कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बाद दोनों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान वेंकटेश कुमार (36 वर्ष), पिता अनिरुद्ध शर्मा, निवासी ग्राम रामपुर, थाना तेलपा तथा हर्ष कुमार (19 वर्ष), पिता कमलेश शर्मा, निवासी ग्राम रामपुर, थाना तेलपा, जिला अरवल के रूप में हुई है।

दोनों युवक बाइक पर सवार थे और किसी काम से दाउदनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार से उनकी टक्कर हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दाउदनगर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े दोनों युवकों को तत्काल दाउदनगर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण कुछ ही देर में दोनों ने दम तोड़ दिया।

हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ जुट गई और कोहराम मच गया।

पुलिस ने घटना की जानकारी मृतकों के स्वजनों को दी। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों का पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। कार चालक की भूमिका और वाहन की गति सहित अन्य पहलुओं पर भी पुलिस ध्यान दे रही है।

इस हादसे के बाद मृतकों के गांव रामपुर में मातमी सन्नाटा पसर गया है। गांव में हर आंख नम है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक मिलनसार स्वभाव के थे और अचानक हुई इस घटना से सभी स्तब्ध हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दाउदनगर–गया मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज गति से वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
477859