search

चांदी की बढ़ती चमक से चोर भी आकर्षित, एक करोड़ कीमत की छह सिल्ली के साथ गिरिडीह में एक धराया

cy520520 2026-1-20 09:26:45 views 622
  

गिरिडीह पुलिस ने एक करोड़ कीमत की चांदी की छह सिल्ली बरामद की। (प्रतीकात्मक फोटो)  



जागरण संवाददाता, धनवार (गिरिडीह)। Silver Theft Gang: एक ओर जहां चांदी की कीमत ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गई है और बाजार में इसके दाम तीन लाख रुपये प्रति किलो के पार चले गए हैं, वहीं दूसरी ओर चांदी की बढ़ती चमक ने चोरों को भी आकर्षित किया है।

  

गिरिडीह जिले में चांदी चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है, जो आभूषण चोरी कर उन्हें पिघलाकर सिल्ली के रूप में बाजार में खपाने का काम कर रहा है। ऐसे ही एक गिरोह के सदस्य को गिरिडीह पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये की चांदी के साथ गिरफ्तार किया है।

धनवार थाना क्षेत्र में चोरी की गई चांदी के आभूषणों की तस्करी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर पुलिस ने लगभग 35.351 किलोग्राम चांदी बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को 18 जनवरी को गुप्त सूचना मिली थी कि धनवार थाना क्षेत्र में एक गिरोह चोरी की चांदी को बाजार में खपाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खोरीमहुआ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान टीम ने स्विफ्ट डिजायर कार संख्या डब्लूबी 04 जी 5772 को रोका। वाहन चालक ने अपना नाम हजरत अंसारी बताया, जो परसन ओपी क्षेत्र के मनगसो गांव का निवासी है। तलाशी के दौरान कार से एक सफेद प्लास्टिक थैला और एक बैग बरामद किया गया, जिसमें पिघली हुई चांदी की सिल्ली और भारी मात्रा में चांदी के आभूषण पाए गए।

बरामद चांदी का कुल वजन 35.351 किलोग्राम पाया गया। पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में बताया कि बरामद सामग्री में छह चांदी की सिल्ली (कुल वजन 32,457 ग्राम), 42 जोड़ा पायल, 13 चांदी की चेन, छह ब्रेसलेट, 12 पान पत्ता, तीन जोड़ा कड़ा और 44 जोड़ा बिछिया शामिल हैं।

इस मामले में धनवार थाना में कांड दर्ज कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। छापामारी दल में धनवार थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पाल, परसन ओपी प्रभारी सुनील कुमार, घोड़ाथंबा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164465