ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की पत्नी वंदना साह का इलाज जारी। फोटो जागरण
जागरण टीम, गोड्डा/भागलपुर। पथरगामा गोलीकांड में घायल कहलगांव निवासी ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की पत्नी वंदना साह के मामले में पुलिस दूसरे दिन भी हमलावरों का पता नहीं लगा पाई है।
इस बीच जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में उपचाररत वंदना की हालत गंभीर बनी हुई है। उनके शरीर से रविवार शाम तक गोली नहीं निकाली जा सकी थी।
वंदना के भाई बालकिशन ने बताया कि डॉक्टरों की टीम उपचार में जुटी है। वंदना को दो गोली लगी थी। गोड्डा सदर अस्पताल में शरीर से एक गोली निकाल ली गई, लेकिन एक गोली पीठ में फंसी है। शनिवार की रात ही वंदना को बेहतर उपचार के लिए भागलपुर रेफर किया गया था।
गोलीकांड की विस्तृत जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई है। इधर, गोड्डा पुलिस वंदना के दोनों देवरों को कहलगांव से पथरगामा लेकर गई है। दोनों आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार वंदना के पति ने इस मामले में स्वयं और दोनों भाइयों की संलिप्तता से इन्कार किया है।
पति समस्तीपुर में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट हैं। वंदना के भाई ने बताया कि न्यायिक पदाधिकारी पद पर चयन होने के बाद से उनका व्यवहार बदल गया। वे पैसे की मांग करने लगे। बहन को प्रताड़ित करने लगे। बहनोई ने भी डिवोर्स का केस फाइल किया है और उनकी बहन ने मेंटनेंस का केस किया है।
पति के साथ विवाद के कारण गोड्डा कोर्ट में केस चल रहा है। शनिवार को कोर्ट में गवाही देकर वह अपनी बहन के साथ परसा गांव लौट रहे थे, तभी गांधीग्राम के समीप गुड्डू साह और प्रमोद कुमार साह ने गोली चलाई। दोनों हमलावर रिश्ते में देवर हैं। उन लोगों के साथ दो अन्य अपराधी भी थे।
पुलिस कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल में लगी है। जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जाएगा। पुलिस को इस मामले में और भी जांच करना बाकी है। - मुकेश कुमार, एसपी, गोड्डा |