search

वाराणसी में Manikarnika Ghat पर तोड़-फोड़ पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का भाजपा पर बड़ा हमला

LHC0088 2026-1-18 19:57:52 views 1207
  

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय  



राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ: वाराणसी में मणिकर्णिका घाट पर हुई तोड़-फोड़ को लेकर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस प्रकरण को लेकर भाजपा को कठघरे में खड़ा किया है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी काे संवेदनहीन बताते हुए याेगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अजय राय ने कहा कि भाजपा काशी की पौराणिकता और संस्कृति को नष्ट कर रही है। यह आस्था नहीं, बल्कि व्यापार की राजनीति है।

अजय राय ने कहा कि वाराणसी में काशी विश्वनाथ कारिडोर हो या अहिल्याबाई होल्कर की मूर्तियों का मामला, काशी को नुकसान पहुंचाने का काम कोई बाहरी नहीं, बल्कि वही लोग कर रहे हैं जो खुद को गंगा और काशी का संरक्षक बताते हैं।

उन्हाेंने कहा कि भाजपा 25 मई 2025 को माता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती बड़े आयोजन और चांदी के सिक्के जारी कर मनाती है, लेकिन छह महीने बाद उन्हीं की मूर्तियों पर बुलडोजर चलवा देती है। उन्हाेंने कहा कि सरकार अपनी गलती मानने के बजाय एफआइआर कराकर लोगों को डराने का काम कर रही है। भाजपा सरकार ताे काशी की एक विरासत नष्ट कर रही है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता को गुमराह करते हुए भाजपा सरकार बनारस की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का विनाश कर रही है। घाट पर परंपरागत महत्व की मूर्तियों और संरचनाओं को तोड़ा गया है। जब कांग्रेस ने इस मुद्दे को उठाया तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह कह रहे हैं कि कांग्रेस एआइ-जनरेटेड तस्वीरें और वीडियो दिखा रही है, जबकि सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ताेड़-फाेड़ काे एआई जनरेटेड का बताने के बयान काे चुनौती देते हुए कहा कि अगर तस्वीरें एआइ जनरेटेड हैं तो वे खुद पत्रकारों को घटनास्थल पर ले जाकर सच्चाई दिखाएं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मणिकर्णिका घाट पर चल रहे बुलडोजर की तस्वीरें और वीडियो दिखाते हुए कहा कि ये किसी भी तरह से एआइ-जनरेटेड नहीं हैं। अजय राय का आरोप है कि बनारस में जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे गुजरात के व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे हैं और भाजपा को स्थानीय परंपरा व विरासत से कोई सरोकार नहीं है।

पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी। उन्होंने मीडिया को एक भाजपा मंत्री का बयान और अहिल्याबाई होल्कर ट्रस्ट का पत्र भी दिखाया, जिसमें मूर्तियां तोड़े जाने की पुष्टि की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न डरने वाली है और सच बोलती रहेगी। इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच में जाएगी। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी भी मौजूद थे।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
166610