search

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान : एक्सपोजर विजिट पर हवाई जहाज से जाएंगे मेधावी, सभी जिलों से दो विद्यार्थी होंगे चियनित

deltin33 2026-1-18 18:56:29 views 1005
  

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत क्विज व विज्ञान प्रदर्शनी के मेधावियों को शैक्षिक भ्रमण कराया जाएगा।



जागरण संवाददाता, प्रयागराज। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत जनपद, विकासखंड, विद्यालय स्तरीय क्विज व विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाना है। इसके विजेताओं को राज्य के भीतर एक्सपोजर विजिट कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त स्कूल शिक्षा महानिदेशक की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि प्रदेश के कुल 150 विद्यार्थियों को राज्य के बाहर शैक्षिक भ्रमण कराया जाएगा। सभी जनपदों से दो विद्यार्थी चयनित किए जाएंगे। समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2025-26 में यह व्यवस्था की गई है।

इस बार राज्य के बाहर बेंगलुरु / श्रीहरिकोटा/अहमदाबाद/ गांधीनगर का चार दिवसीय शैक्षिक भ्रमण कराने के लिए अनुमोदन प्राप्त हुआ है। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अनुमोदन के क्रम में यह एक्सपोजर विजिट हवाई यात्रा से होगी। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक जिज्ञासा एवं अनुभवात्मक शिक्षण को प्रोत्साहित करना है।

यह एक्सपोजर विजिट विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग व गणित का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने में सहायक होगी। समस्या समाधान व आलोचनात्मक सोच संबंधी कौशल विकसित करने में भी मदद मिलेगी। छात्र-छात्राओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करिअर बनाये जाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

राष्ट्रीय मेंटर शत्रुंजय शर्मा के अनुसार छात्र-छात्राओं को राज्य के बाहर निर्दिष्ट स्थलों या संस्थानों का एक्सपोजर विजिट कराये जाने के लिए सुरक्षा संबंधी बिंदुओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार अधिकारियों या शिक्षक (विज्ञान के महिला व पुरुष शिक्षक), मेंटर, खंड शिक्षाधिकारी भी प्रतिभाग कर सकते हैं।

डायट मेंटर्स व शिक्षकों का चयन नोडल अधिकारी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) करेंगे। भ्रमण पर जाने वाले विद्यार्थियों के स्वास्थ्य तथा सुरक्षा को देखते हुए सभी जिलों के बीएसए अभिभावकों से लिखित रूप से सहमतिपत्र लेंगे।

चयनित छात्राओं की संख्या के अनुसार आनुपातिक संख्या में महिला शिक्षक की भी उपस्थिति अनिवार्य रहेगी जिससे छात्राओं को असुविधा न हो। प्राथमिक उपचार किट सहित एक महिला व एक पुरुष शिक्षक को प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल का दायित्व दिया जाएगा।

भ्रमण के समय छात्र-छात्राओं को विज्ञान और प्रौद्योगिकी से जुड़े व्यावहारिक ज्ञान के लिए समुचित जानकारी प्रदान की जाएगी। भ्रमण के दौरान बच्चे अधिक से अधिक प्रश्न पूछें और अनुभव साझा करें इसके लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। भ्रमण पूरा होने के बाद छात्र-छात्राओं को अनुभव व प्राप्त ज्ञान के आधार पर निबंध या संस्मरण लिखना होगा। प्रार्थना सभा में उसे बच्चों को पढ़ना भी होगा। शिक्षा मंत्रालय ने एक्सपोजर विजिट से संबंधित सभी यात्रा व्यय, परिवहन, होटल, खान पान, स्थानीय भ्रमण, स्टेशनरी तथा अन्य व्यय के लिए प्रति विद्यार्थी 26,000 रुपये तय किए हैं। कुल धनराशि 39 लाख रुपये जारी किए जा रहे हैं।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
477696