जागरण संवाददाता, लखनऊ। पिछले कई दिनों से गलन भरी सर्दी से लोगों को रविवार को और राहत मिली। रविवार को सुबह से ही धूप खिली। दोपहर तक तापमान सामान्य से अधिक रहा। इसका असर यह रहा कि लोगों ने धूप का आनंद लिया। अपने धूप से जुड़े सभी जरूरी काम निपटाए। वहीं, लखनऊ प्राणि उद्यान और सभी पार्क में धूप लेने के लिए लोग दिन भर जुटे रहे।
रविवार को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। सोमवार को दोपहर तक कोहरा गिर सकता है। इसके बाद आसमान साफ रहेगा।
आज तापमान ये रहने का अनुमान
सोमवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यह रविवार की अपेक्षा 1.5 डिग्री सेल्सियस कम होगा। यानी सोमवार का दिन रविवार की तुलना में अधिक ठंडा हो सकता है। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी 8.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर सात डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, पश्चिमी यूपी में सर्द हवाएं चल सकती हैं।
आज से दो दिन घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग ने यूपी में 12 से 14 जनवरी तक के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मेरठ, मुज्जफरनगर, शामली, बागपत, सहारनपुर, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद, गोरखपुर, लखीमपुर, बस्ती आदि शहरों में कोहरा छा सकता है। वहीं ठंडी हवाएं चल सकती हैं। 12 जनवरी को तापमान में अधिक बदलाव नहीं होगा, लेकिन 13 जनवरी से तापमान में गिरावट आने से एक बार फिर ठंड बढ़ेगी।
इस कारण बदलेगा मौसम का मिजाज
पाकिस्तान एवं पंजाब के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और हरियाणा में चक्रवात के चलते मौसम में दो दिन से बदलाव देखने को मिला। शनिवार के बाद रविवार को भी कोहरे का असर कम रहा और दिनभर धूप निकली। खुले क्षेत्रों व यमुना किनारा पर रविवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला। हवा चलने से कोहरा जल्दी छंट गया और धूप निकल आई।
आगरा का मौसम
सुबह से धूप निकलने से शहरवासियों को ठंड से राहत मिली। गुनगुनी धूप में बैठने के साथ उन्होंने जरूरी काम निपटाए। अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। ताजमहल स्थित मौसम विज्ञान विभाग के केंद्र पर दृश्यता 200 मीटर और एयरफोर्स स्थित केंद्र पर 400 मीटर रही।
कोहरा छाने से बढ़ेगी ठंड
मौसम विज्ञानी माे. दानिश के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवाओं की गति व दिशा में परिवर्तन से कोहरे के घनत्व में कमी और तापमान में वृद्धि हुई। उत्तरी-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से 12 जनवरी से सुबह घना कोहरा पड़ सकता है। सुबह ठंड बढ़ेगी, लेकिन दोपहर में धूप निकलेगी, जिससे ठंड का प्रभाव कम रह सकता है। प्रदेश के शहरों में आगरा आठवां ठंडा शहर रहा। मेरठ सबसे ठंडा शहर रहा।
यह भी पढ़ें- उत्तर भारत में शीतलहर का अलर्ट, बर्फीली ठंड से कांपे कई राज्य; कैसा रहेगा आज का मौसम?
यह भी पढ़ें- ठंड से बचाव के साथ नशा से परहेज भी जरूरी; डॉक्टर ने दी सलाह, इस मौसम में ऐसे रहें स्वस्थ |