नर्सरी और इंसेट में मृतक की फाइल फोटो।
संवाद सूत्र, जागरण–मलपुरा। ग्वालियर हाईवे स्थित ककुआ गांव में रविवार की सुबह एक पेड़ से 509 आर्मी बेस वर्कशॉप में कार्यरत कर्मी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भिजवाया।
हिंदुस्तान नर्सरी एवं फार्म नामक नर्सरी संचालक खेमचंद कुशवाहा ने बताया कि थाना ताजगंज क्षेत्र के चमरौली निवासी 39 वर्षीय सत्येंद्र कुमार पुत्र नानक चंद उनके करीबी मित्र थे। खेमचंद के अनुसार सत्येंद्र उनके साथ ही 509 आर्मी बेस वर्कशॉप में इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के पद पर कार्यरत थे। सत्येंद्र का नर्सरी पर आना-जाना लगा रहता था। वह कई बार रात में भी रुक भी जाया करते थे।
नर्सरी में पेड़ से लटका मिला 509 आर्मी बेस वर्कशॉप कर्मी का शव
शनिवार की शाम भी सत्येंद्र नर्सरी पर आए। वहीं ठहर गए, जबकि खेमचंद अपने घर चले गए। रविवार सुबह जब खेमचंद नर्सरी पहुंचे और ताला खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। सत्येंद्र कुमार का शव नर्सरी के भीतर एक पेड़ से लटका हुआ था। घबराए खेमचंद ने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को नीचे उतरवाया। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में मृत्यु का कारण पारिवारिक कलह सामने आया है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। |
|