search

माघी मेले में पहली बार अपने दम पर सियासी कॉन्फ्रेंस करेगी भाजपा, बिहार-हरियाणा के बाद अब पंजाब चुनाव 2027 पर नजर

Chikheang 2026-1-10 21:56:38 views 425
  

माघी मेले में पहली बार अपने दम पर सियासी कॉन्फ्रेंस करेगी भाजपा। फोटो जागरण



राजिंदर पाहड़ा, श्री मुक्तसर साहिब। हरियाणा,महाराष्ट्र, बिहार राज्यों में एक बार फिर सरकार बनाने के बाद अब भाजपा के बड़े नेताओं ने पंजाब में पार्टी को मजबूत कर 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने दम पर आगे बढ़ने की ओर कदम बढ़ाया है।

जिला मुक्तसर में माघी मेले पर 14 जनवरी को भाजपा पहली बार अपने स्तर पर सियासी कांफ्रेंस करने जा रही है। इस कांफ्रेंस में पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री व वर्तमान सांसद अनुराग ठाकुर, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग सहित प्रदेश के बड़े नेता शामिल होंगे। भाजपा इस कांफ्रेंस के माध्यम से पंजाब के लोगों के मूड को भी भांपने की कोशिश करेगी। ताकि उसके बाद अगली रणनीति पर काम किया जा सके।

बता दें कि इससे पहले भाजपा पंजाब में हमेशा अपने सहयोगी दल शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ मंच साझा करती रही है। शिअद से समझौते के दौरान लाल कृष्ण आडवानी सहित भाजपा के कई बड़े नेता मंच साझा करते रहे हैं। शिअद से अलग होने के बाद भाजपा ने अपने स्तर पर पहली बार राजनीतिक कांफ्रेंस करने का फैसला किया है और इसके नेता इन दिनों इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं।

भाजपा के प्रदेश महासचिव दियाल सिंह सोढी ने बताया कि इस कांफ्रेंस को अनुराग ठाकुर के अलावा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, रवनीत बिट्टू,पंजाब प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़, प्रदेश कार्यकारी प्रधान अश्विनी शर्मा,पंजाब प्रभारी नरेंद्र रैना सहित प्रदेश के अन्य नेता संबोधित करेंगे।

सोढी ने बताया कि इस कांफ्रेंस के माध्यम से केंद्र सरकार की लोकहित स्कीमों का प्रचार लोगों में किया जाएगा। वहीं पंजाब सरकार पर ड्रग और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पंजाब में विधानसभा चुनाव को एक साल का समय रह गया है।

ऐसे में पंजाब में पार्टी को मजबूत करने के लिए ऐसी कांफ्रेंस करनी जरूरी हो जाती है। लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे ताकि भाजपा को पंजाब में भी गति मिल सके।
दियाल सोढी ने नेताओं से की बैठक

भाजपा के प्रदेश महासचिव दयाल सिंह सोढी मुक्तसर पहुंचे और मलोट रोड पर सत्यम पैलेस में कांफ्रेंस स्थल की तैयारियों का जायजा लिया। पत्रकारों से बातचीत में दयाल सोढी ने बताया कि उन्होंने मुक्तसर की भाजपा लीडरशिप से बैठक कर कांफ्रेंस को लेकर उनकी ड्यूटियां लगा दी हैं।

पार्टी की ओर से गांव स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पहले जिन गांवों से एक-एक बस आने की योजना थी, अब वहां से 5-5 बसों की मांग आ रही है। इससे साफ है कि कार्यकर्ताओं में कांफ्रेंस को लेकर काफी जोश और उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह कांफ्रेंस पंजाब में भाजपा को एक गति देगी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सतीश असीजा, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश गोरा पठेला, पुष्पेंदर सिंह भंडारी भी उपस्थित थे।
शिअद और आप भी कर रहे हैं कांफ्रेंस

मुक्तसर में शिरोमणि अकाली दल बादल और आम आदमी पार्टी भी कांफ्रेंस कर रहे हैं। शिअद में अध्यक्ष सुखबीर बादल कांफ्रेंस को लेकर काफी उत्साहित दिख रहे हैं और पंजाब सरकार को कानून व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर घेरने की योजना बनाए हुए हैं।

उधर,आप की तरफ से अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान मुक्तसर में कांफ्रेंस को संबोधन करने आ रहे हैं। यह कांफ्रेंसें पंजाब का सियासी पारा बढ़ाएगी। वहीं सभी राजनीतिक दल 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल मुक्तसर से बजाएंगे।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
168378