search

सारण में रफ्तार का कहर: अज्ञात चारपहिया की टक्कर से दो युवकों की मौत, गांव में मातम

cy520520 2026-1-10 12:26:41 views 560
  

अज्ञात चारपहिया की टक्कर से दो युवकों की मौत



संवाद सूत्र, दाउदपुर(सारण)। सारण जिले के एकमा-मांझी मुख्य पथ पर गंजपर के समीप शुक्रवार की रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब दोनों युवक एकमा की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल ले जाया गया

घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उठाकर एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की पुष्टि एकमा थानाध्यक्ष ध्रुव प्रसाद सिंह ने करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की छानबीन जारी है।
दाउदपुर के रहने वाले हैं मृतक

मृतकों की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के अरियाव टोला निवासी दिलीप राम के 18 वर्षीय पुत्र कर्ण कुमार राम तथा स्व. श्यामनारायण राम के 28 वर्षीय पुत्र हेमनारायण राम के रूप में की गई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जाता है कि हेमनारायण राम अपने पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके पीछे दो छोटे पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।

वहीं कर्ण कुमार राम, दिलीप राम के तीन पुत्रों में सबसे बड़े थे। दोनों युवकों की असामयिक मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की सूचना मिलते ही स्वजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था।

ग्रामीणों ने बताया कि हेमनारायण राम वाहन चलाने का काम करते थे, जबकि कर्ण कुमार राम वाहन बनाने से जुड़ा काम करते थे। दोनों मेहनती और मिलनसार युवक थे।
पुलिस सड़क हादसे की जांच में जुटी

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अज्ञात चारपहिया वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही हादसे के कारणों का खुलासा किया जाएगा।इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग सड़क पर बढ़ते हादसों और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163233