LHC0088 • Yesterday 15:57 • views 468
नई दिल्ली। म्यूचुअल फंड (Mutual Fund आज निवेशकों का पसंदीदा निवेश विकल्प है। क्योंकि इसके जरिए आपको अलग-अलग फंड में निवेश करने का विकल्प मिल जाता है। इसके साथ ही इसमें आकर्षक रिटर्न मिल सकता है। हालांकि ये रिटर्न पूरी तरह से शेयर बाजार पर निर्भर करता है। इसलिए ये कम या ज्यादा हो सकता है। अगर आप भी म्यूचुअल फंड में निवेश कर शादी के लिए पैसा जमा करना चाहते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए है।
शादी के लिए कैसे करें फंड जमा?
म्यूचुअल फंड में अक्सर लोग निवेश कर भविष्य के लिए मोटा फंड तैयार करते हैं। अगर आप म्यूचुअल फंड के जरिए शादी के लिए फंड तैयार करना चाहते हैं, तो आपको कुछ खास बातों का ध्यान रखना होगा।
सबसे पहले आपको अपनी शादी में होने वाले कुल खर्चों का आकलन करना होगा। इनमें खाने-पीने से लेकर शादी का हॉल इत्यादि शामिल कर सकते हैं। इसके साथ ही आपको देखना होगा कि आपके पास निवेश के लिए कितना समय है। इस हिसाब से ही आपको फंड का चयन करना होगा। सही फंड का चयन काफी जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।
निवेश अवधि के अनुसार चुनें फंड
2 साल से कम
अगर आपके पास फंड जोड़ने के लिए 2 साल से भी कम समय है। तो आप ऐसे में डेट या लिक्विड फंड में पैसा निवेश कर सकते हैं। इनमें जोखिम कम या मध्यम होता है।
2 से 5 साल
अगर निवेश के लिए 2 से 5 साल का समय है, तो हाइब्रिड फंड का चयन कर सकते हैं। इसमें इक्विटी और डेट दोनों तरह के सिक्योरिटी शामिल होते हैं। हालांकि इनमें इक्विटी फंड जैसे आकर्षक रिटर्न नहीं मिल सकता है।
लंबे समय के लिए निवेश
अगर आपकी शादी अभी दूर है, तो आप इक्विटी फंड में निवेश कर सकते हैं। इक्विटी फंड में आप जितना लंबे समय के लिए निवेश करेंगे, उतना ही आपको अच्छा रिटर्न मिलेगा।
एकमुश्त या एसआईपी कैसे करें निवेश?
म्यूचुअल फंड में आप एकमुश्त और एसआईपी दोनों तरह से निवेश कर सकते हैं। आपको क्या चुनना चाहिए ये आपके वित्तीय स्थिति पर निर्भर करता है। अगर आपके पास पहले से ही कुछ सेविंग पड़ी है तो आप इसे एकमुश्त निवेश कर सकते हैं।
इसके साथ ही अगर आप सैलरी से कुछ रकम म्यूचुअल फंड में लगाना चाहते हैं, तो एसआईपी इसके लिए बेस्ट ऑप्शन रहेगा। |
|