LHC0088 • 2026-1-7 08:26:24 • views 542
प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। धर्मनगरी मंगलवार सुबह घने कोहरे के आगोश में रही। हाईवे और संपर्क मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। वहीं दोपहर बाद धूप निकलने से ठंड से थोड़ी राहत रही। बहादराबाद स्थित सौर बेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 16.5 और 06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
समूचा उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और कोहरे की चपेट में है। धर्मनगरी में भी पिछले कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड और कोहरे ने मुश्किलें बढ़ा दी थी। सूर्यदेव के दर्शन को लोग तरस गए थे। हालांकि सोमवार को धूप खिलने से लोगों ने खासी राहत महसूस की थी।
मंगलवार सुबह भी धर्मनगरी और आसपास क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। हाईवे और संपर्क मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे थे। दिन में भी हेडलाइट जलाकर वाहन चालक गंतव्यों को जाते दिखे। हालांकि दोपहर में सूर्यदेव ने दर्शन दिए। लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया।
दिन ढलते ही सर्द हवाएं मुश्किलें बढ़ाती रही। ठंड से निजात पाने को लोग अलाव तापते देखे गए। हीटर,ब्लोअर से भी लोग ठंड भगाते दिखे। बहादराबाद स्थित सौर बेधशाल से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 16.5 और 06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नगर आयुक्त ने रैन बसेरों का किया निरीक्षण
कड़ाके की ठंड को देखते नगर निगम निगम प्रशासन की ओर से शहर के 40 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गयी है। रैन बसेरों के बाहर भी अलाव जलाए जा रहे हैं। साथ ही कंबल आदि की समुचित व्यवस्था की गयी है।
नगर आयुक्त नंदन कुमार रैन बसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिसके अनुपालन में 150 कंबल की व्यवस्था की गयी। जिन्हें रैन बसेरों में भिजवाया जा चुका है। वर्तमान में रैन बसेरों में गर्म कंबल और हीटर की सुविधा उपलब्ध करा दी गयी है।
नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में तीन रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं। शहर के 40 से अधिक स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। महापौर किरण जैसल ने बताया कि जल्द जरूरतमंदों को कंबल वितरित कराए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में मौसम शुष्क, मैदानी इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट |
|