search

Varanasi Weather Today: पश्चिमी विक्षोभ के कोल्ड फ्रंट ने गिराया तापमान, कंपाया हाड़

LHC0088 2026-1-4 09:27:40 views 609
  

सुबह फुहारों की तरह गिरा कोहरा, दोपहर से ही चलने लगी बर्फीली पछुआ। जागरण  



जागरण संवाददाता, वाराणसी। Varanasi Weather: पश्चिमी विक्षोभ का वार्म फ्रंट गुजरने के बाद अब कोल्ड फ्रंट शनिवार को इधर आ पहुंचा। नतीजा, बर्फीली पछुआ की गति बढ़ गई और हाड़कपाऊ ठंड का प्रभाव और प्रबल हो गया।

तापमान साढ़े चार से लेकर तीन डिग्री तक नीचे आ गया और ठठरियां कांप उठीं। लोग अलाव, हीटर, ब्लोवर के इर्द-गिर्द सिमटे रहे। रविवार से कोहरे की धुंध और सघन होने के साथ गलन भरी ठंड के और तीव्र होने की संभावना है।  

शनिवार की सुबह कोहरे के साए में हुई। बर्फीली पछुआ के कारण कोहरा ओस की फुहारों के रूप में बरसता दिखा। दोपहर में कोहरे की चादर के बीच से सूरज ने झांका तो कोहरे का घनत्व कुछ कम जरूर हुआ लेकिन बर्फीली पछ़ुआ हवा के चलते उनकी किरणें निस्तेज ही रहीं और वे जल्द ही कोहरे की धुंध में समा गई।

इसके चलते ठंड पूरे दिन हड्डियां गलाती रही। शनिवार को बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान बीते 24 घंटे की अपेक्षा 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरा और सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम 16.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।

यह भी पढ़ें- वाराणसी में लंदन और हालैंड की साध्वियों ने काशी में ली संन्यास की दीक्षा, जुटे सैकड़ों श्रद्धालु

न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई और यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक 12 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस कम हुआ और सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस बढ़ा और सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा।  

बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का कोल्ड फ्रंट बनारस सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश से गुजर रहा है। इसके प्रभाव से रविवार से कोहरे का घनत्व और बढ़ेगा तथा ठंड की तीव्रता में भी वृद्धि होगी। तेज गलन और हाड़कपाऊ ठंड का यह प्रभाव मंगलवार की दोपहर तक रह सकता है।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
165008