search

Haryana News: सिरसा में जेल वार्डन ने की आत्महत्या, DSP पर लगाए गंभीर आरोप; सुसाइड नोट में छलका दर्द

LHC0088 2026-1-2 22:27:10 views 1141
  

सिरसा में जेल वार्डन ने की आत्महत्या। सांकेतिक फोटो



जागरण संवाददाता, सिरसा। जिला जेल में कार्यरत वार्डन सुखदेव सिंह की जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई मौत के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। उपचार के दौरान निजी अस्पताल में दम तोड़ने वाले वार्डन ने आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें डीएसपी जेल सुरक्षा और लाइन आफिसर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने मृतक के स्वजन के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 दिसंबर की रात सुखदेव सिंह जेल में ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान वह शराब के नशे में साथी कर्मचारियों और अधिकारियों से दुर्व्यवहार करने लगा।

हालात बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद उसे मेडिकल जांच के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया। वहां भी उसने चिकित्सक और मेडिकल स्टाफ के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की।

इसके अगले दिन एक दिसंबर की शाम को सुखदेव सिंह ने जेल क्वार्टर में ही जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार आत्महत्या से पहले सुखदेव ने अपने स्वजन को फोन कर अधिकारियों द्वारा परेशान किए जाने की बात कही थी और सुसाइड नोट छोड़े जाने की जानकारी भी दी थी।

लंबे समय से जेल में थी ड्यूटी

मृतक सुखदेव सिंह मूल रूप से फतेहाबाद जिले के हिजरावां गांव का रहने वाला था और लंबे समय से सिरसा जिला जेल में सेवाएं दे रहा था। बताया गया है कि वह लगातार नाइट ड्यूटी से परेशान था और इसे बदलवाने के लिए उसने लाइन आफिसर और डीएसपी जेल से निवेदन भी किया था, लेकिन ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं हुआ।

इसी बात को लेकर वह मानसिक तनाव में था। सुसाइड नोट में सुखदेव सिंह ने स्पष्ट रूप से दोनों अधिकारियों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। सुखदेव सिंह ने जेल अधीक्षक से न्याय की गुहार भी सुसाइड नोट में की है।

पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि मृतक हृदय रोग से भी पीड़ित था। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। शुक्रवार शाम तक मृतक के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। पुलिस के अनुसार आज मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सुसाइड नोट बरामद हुआ है। स्वजन के बयान के आधार पर दो के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। शनिवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

- प्रदीप कुमार, एसएचओ, सिविल लाइन सिरसा।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
161498