पांच चीनी मिलों पर 382 करोड़ बकाया, पेराई सत्र शुरू करने की तैयारी  
 
  
 
  
 
जागरण संवाददाता, बरेली। मंडल की चीनी मिलों में नवीन पेराई सत्र की तैयारी शुरू कर दी गई है, लेकिन पांच चीनी मिलों पर अब भी किसानों का 382 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया है। चीनी मिलों पर दबाव बनाया जा रहा है, कई मिलों की आरसी भी जारी हो चुकी है, लेकिन भुगतान नहीं हो पा रहा है। अब नवीन सत्र में नए भुगतान के साथ पुराना भुगतान कराना आसान नहीं होगा। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें  
फरीदपुर और बहेड़ी चीनी मिलों में 28 अक्टूबर से आरंभ होगा पेराई सत्र  
 
चीनी मिलों पर किसानों के बकाये की बात करें तो बहेड़ी चीनी मिल पर सबसे अधिक 146.50 करोड़ रुपये बकाया है। नवाबगंज चीनी मिल पर 39.45 करोड़ का बकाया है। पीलीभीत की बरखेड़ा चीनी मिल किसानों का 84.19 करोड़ की बकायेदार है। शाहजहांपुर की मकसूदापुर चीनी मिल पर भी 86.08 करोड़ रुपये बकाया है। बदायूं की बिसौली चीनी मिल पर 26.17 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया है। शासन के निर्देश पर बकायेदार चीनी मिलों के प्रबंधन और अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। कई चीनी मिलों की आरसी भी जारी हो चुकी है। इसके बाद भी भुगतान नहीं हो पा रहा है।  
 
  
मंडल के अन्य मिलों में दो से 28 नवंबर के मध्य शुरू होगी गन्ने की पेराई  
  
 - चीनी मिलों में भी नवीन पेराई सत्र की तैयारी आरंभ कर दी गई है। बरेली की बहेड़ी और फरीदपुर चीनी मिल में 28 अक्टूबर से पेराई सत्र आरंभ हो जाएगा। 
 
  - मीरगंज में पांच नवंबर तो नवाबगंज चीनी मिल में 20 नवंबर से गन्ने की पेराई आरंभ होगी। 
 
  - पीलीभीत में सेमीखेड़ा चीनी मिल में दो नवंबर, पीलीभीत चीनी मिल में सात नवंबर, बरखेड़ा में 15 नवंबर, बीसलपुर में 25 नवंबर, पूरनपुर में 22 नवंबर से नवीन पेराई सत्र आरंभ होगा। 
 
  - शाहजहांपुर में निगोही चीनी मिल में चार नवंबर, मकसूदापुर चीनी मिल में 8 नवंबर, रोजा में पांच नवंबर, तिलहर में 14 नवंबर और पुवायां में 15 नवंबर से गन्ने की पेराई आरंभ होगी। 
 
  - इसी तरह बदायूं जिले में सहकारी चीनी मिल शेखूपुर में 21 नवंबर जबकि यदु शुगर मिल बिसौली में 11 नवंबर से नवीन पेराई सत्र शुरू होगा। 
 
  - सरकार ने गन्ने की तौल के बाद 14 दिन के भीतर गन्ना मूल्य का भुगतान कराने का आदेश जारी किया है। नवीन पेराई सत्र में इस व्यवस्था को सख्ती से लागू कराने की तैयारी की जा रही है। 
 
    
 
  
 
  
 
  
लखनऊ में होगा गन्ना क्षेत्र का आवंटन  
 
चीनी मिलों को अभी गन्ना क्षेत्र का आवंटन नहीं किया गया है। गन्ना विभाग के अधिकारियों के अनुसार 10 नवंबर के बाद लखनऊ में सामूहिक बैठक का आयोजन कर चीनी मिलों को गन्ना क्षेत्र का आवंटन किया जाएगा। गन्ना मूल्य भुगतान में देर करने वाली चीनी मिलों के गन्ना क्षेत्र में कटौती की जा सकती है।  
 
  
 
   
  
मंडल की चीनी मिलों में नवीन पेराई सत्र आरंभ करने की तैयारी चल रही है। सभी चीनी मिलों की तिथियां घोषित हो चुकी हैं। चीनी मिलों को 10 नवंबर के बाद गन्ना क्षेत्र का आवंटन लखनऊ में किया जाएगा। बकायेदार चीनी मिलों के प्रबंधन और अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। किसानों को बकाया मूल्य का भुगतान कराने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। - राजेश मिश्र, उप आयुक्त गन्ना   |