LHC0088 • 2025-12-5 18:39:17 • views 1268
खजांची से पादरी बाजार की तरफ नाला का निर्माण हुआ पूरा। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। खजांची फ्लाईओवर पर इसी महीने फर्राटा भरा जा सकेगा। जल निगम की ओर से नाला निर्माण का काम पूरा होने के बाद सेतु निगम ने खजांची से पादरी बाजार की ओर फ्लाईओवर के एप्रोच का काम शुरू कर दिया है। स्पोर्ट्स कालेज की तरफ का एप्रोच पहले ही बन चुका है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
दोनों तरफ एप्रोच बनने के बाद फ्लाईओवर खोल दिया जाएगा। इससे पादरी बाजार की तरफ से स्पोर्ट्स कालेज और स्पोर्ट्स कालेज की तरफ से पादरी बाजार की ओर जाने वालों को बिना जाम में फंसे आगे बढ़ने की सहूलियत हो जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तेजी से काम कराया जा रहा है।
सेतु निगम ने खजांची चौराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करा लिया था। पादरी बाजार की तरफ सड़क के दोनों तरफ नाला का निर्माण होना था। इसकी जिम्मेदारी जल निगम को दी गई थी। जल निगम की ओर से नाला निर्माण में देर के कारण फ्लाईओवर के एप्रोच का काम नहीं हो पा रहा था।
यह भी पढ़ें- SIR In UP: गोरखपुर के हर मोड़ व कोने पर झुग्गी-झोपड़ी, बोली और भाषा से रोहिंग्या की आशंका
97 करोड़ है लागत
तकरीबन 97 करोड़ रुपये की लागत से खजांची फ्लाईओवर बन रहा है। छह सौ मीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण जनवरी 2023 में शुरू हुआ था। सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार ने बताया कि एप्रोच रोड का कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा। इसी महीने फ्लाईओवर को खोलने की तैयारी है। |
|