तकनीकी खराबी से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित, यात्री परेशान।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। माइक्रोसाफ्ट विंडोज सिस्टम में आई वैश्विक तकनीकी खराबी का प्रभाव बुधवार को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। सुबह से लेकर देर शाम तक उड़ानें तय समय से कई घंटे पीछे चलती रहीं, जिसके कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार एक तो तकनीकी समस्या और दूसरा इंडिगो एयरलाइंस क्रू मेंबर्स की कमी के चलते कई उड़ानों पर सीधा असर पड़ा है। जिससें चंडीगढ़ से रवाना और आगमन वाली उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
देरी से रवाना हुई यह उड़ानें
सुबह 7:20 बजे उड़ान भरने वाली चेन्नई की उड़ान 6E 971 एयरपोर्ट पर घंटों तक रुकी रही और अंततः 10:54 बजे रवाना हो सकी। इसी तरह इंदौर की उड़ान 6E 6738 भी काफी देरी से 13:42 बजे प्रस्थान कर पाई। मुंबई, गोवा और हैदराबाद की उड़ानों पर भी इसका बड़ा असर देखने को मिला।
मुंबई की उड़ान 6E 6751 को दोपहर 12:45 बजे जाना था, लेकिन यह 16:13 बजे उड़ान भर सकी। गोवा की उड़ान 6E 614 भी समय से काफी पीछे 15:39 बजे रवाना हुई। हैदराबाद की उड़ान 6E 604 16:05 बजे रवाना हो पाई। सबसे अधिक देरी मुंबई की उड़ान 6E 5019 में देखने को मिली, जिसका निर्धारित समय 15:55 था, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते इसका नया अनुमानित प्रस्थान समय 20:40 बजे तय किया गया।
बेंगलुरु की उड़ान IX1604 भी लेट रही और 16:41 बजे उड़ी। दिल्ली की उड़ान 6E 2195, जिसे 12:35 बजे उड़ान भरनी थी, सिस्टम खराबी के बाद आगे बढ़कर 18:00 बजे प्रस्थान हेतु निर्धारित की गई।
आगमन वाली उड़ानों पर भी पड़ा असर
आगमन वाली उड़ानें भी तकनीकी आउटेज की चपेट में रहीं। इंदौर से आने वाली उड़ान 6E 314 को 10:35 बजे पहुंचना था, पर यह 12:40 बजे लैंड कर सकी। वहीं 6E 242 दिल्ली से आने वाली उड़ान जिसका अनुमानित आगमन समय 05:55 बजे था, वह भी भारी देरी से 9:57 बजे चंडीगढ़ पहुंची।
श्रीनगर की उड़ान 6E 6266 को सिस्टम दिक्कतों के कारण चंडीगढ़ की बजाय दिल्ली डाइवर्ट किया गया। मुंबई की उड़ान 6E 5262 14:57 बजे पहुंची, जबकि हैदराबाद की उड़ान 6E 108 15:38 पर उतरी। दिल्ली की उड़ान 6E 6762 भी देर से 13:46 बजे पहुंची। चेन्नई की उड़ान 6E 6005 में सबसे ज्यादा देरी हुई और यह 18:15 बजे चंडीगढ़ पहुंची।
कोलकाता से आने वाली उड़ान 6E 874 को रद्द करना पड़ा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दिल्ली से चंडीगढ़ आने वाली एक और उड़ान 6E 6448 भी रद्द कर दी गई, जिससे यात्रियों को और अधिक परेशानी उठानी पड़ी। |