संवाद सूत्र, मंडी धनौरा। क्षेत्र के ग्राम शाहपुर रझेड़ा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से मिला। घटना के बाद चीत्कार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर रझेड़ा की है। यहां शुभम अग्रवाल का परिवार रहता है। मिली जानकारी के अनुसार उनकी शादी छह साल पूर्व थाना बछरायूं क्षेत्र के गांव खाबड़ी निवासी प्रियांशी के साथ हुई थी। उनके दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
सोमवार सुबह उनके कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो स्वजन को शक हुआ। काफी आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर देखा तो प्रयांशी का शव फंदे पर लटका हुआ था। जिसे देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर शराबे के बीच आस पड़ोसियों की भीड़ भी एकत्रित हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। |