जुड़वा पुत्री होने पर ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की खुदकशी। सांकेतिक तस्वीर
संवाद सहयोगी, जमुई। खैरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने जब जुड़वा बेटियों को जन्म दिया तो इस बात से नाराज उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करने लगे। इस से तंग आकर विवाहिता ने फांसी लगाकर खुदखुशी कर ली। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
मामला नरियाना गांव में सामने आया है। मृतका की पहचान गांव निवासी अर्जुन पासवान की पुत्री मौसमी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अर्जुन पासवान ने अपनी बेटी मौसमी की शादी साल 2020 में लखीसराय जिले के पंजाबी मोहल्ला निवासी राहुल पासवान से की थी।
शादी के बाद से ही मौसमी के ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के प्रताड़ित किया करते थे। इसी बीच मौसमी गर्भवती हुई और उसने जुड़वा बेटियों को जन्म दिया, इसके बाद से उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे अधिक प्रताड़ित करने लगे।
स्वजनों ने बताया कि आए दिन उसके ससुराल पक्ष के लोग उस से पैसों की मांग करते थे, उसके साथ मारपीट किया करते थे तथा उसे तंग किया जाता था। जुड़वां बेटी होने के बाद उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
लगातार टार्चर करने के कारण मौसमी के पिता अर्जुन पासवान तथा भाई डब्लू पासवान उसके ससुराल गए थे और उसे अपने साथ वापस मायके ले आए थे। मौसमी ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कोर्ट में परिवाद भी दर्ज कराया था। लेकिन उसका पति कोर्ट में उपस्थित नहीं हुआ था।
इसके बाद पंचायत स्तर पर समझौते की कोशिश की थी पर बात नहीं बनी थी। डब्लू पासवान ने बताया कि विगत रविवार रात हम सब एक साथ में खाना खाया और सोने चले गए थे।
अगली सुबह जब हम सब लोग उठे तो उसे जगाने गए। जब हमने कमरे का दरवाजा तोड़ कर देखा तो पाया कि वह फंदे से लटकी हुई थी। स्वजनों ने मामले की जानकारी दी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया।