नीतीश के पैतृक गांव में जश्न
संवाद सूत्र, हरनौत। गुरुवार को नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ पटना के गांधी मैदान में ली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ लेने के साथ ही उनके पैतृक गांव कल्याण बिगहा में जश्न मना। ग्रामीण अवधेश सिंह की अगुआई में दो मन लड्डू बांटे गए। खुशियों की झलक हर तरफ दिखाई दी। जमकर आतिशबाजी की, गुलाल उड़े। एक दूसरे को गुलाल लगाए। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
कविराज राम लखन सिंह स्मृति वाटिका में माता परमेश्वरी देवी पिता स्वर्गीय राम लखन सिंह एवं पत्नी स्वर्गीय मंजू देवी के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
बिहार का विकास होता रहेगा
कल्याण बिगहा के ग्रामीणों ने कहा कि जब तक बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के पद पर हैं। बिहार का लगातार विकास होता रहेगा। जिस दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार धरती छोड़ देंगे उस दिन बिहार के लोग नीतीश कुमार को याद करेंगे।
ग्रामीणों ने नीतीश कुमार को विकास पुरुष के साथ-साथ भगवान का अवतार भी बताया। जैसे भगवान राम अयोध्या लौटने के बाद ग्रामीणों ने दीप जलाकर स्वागत किया था। ठीक उसी तरह से आज नीतीश कुमार के 10 वीं बार मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद गांव में आतिशबाजी हुई।
रोजगार की समस्या को जड़ से खत्म
वहीं ग्रामीण युवाओं ने कहा कि नीतीश कुमार 10 वीं बार भी जब मुख्यमंत्री बनेंगे तो निश्चित तौर पर युवाओं के बारे में सोचेंगे रोजगार पलायन एवं समस्याओं को भी जड़ से खत्म किया जाएगा। बिहार की जनता ने सुशासन विकास सुरक्षा के नाम पर प्रचंड बहुमत देने का काम किया है। लोग डीजे के धुन पर थिरकते नजर आये।
विधायक हरिनारायण सिंह ,जदयू जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार , रौशन, मुकेश, टुनटुन, बंटी आदि नेताओं ने शुभकामनाएं एवं बधाई दी है । |