LHC0088 • Yesterday 22:26 • views 124
नोएडा प्राधिकरण कार्यालय। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, नोएडा। खेलो इंडिया खेलों की तर्ज पर सेक्टर-123 में बनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर को नोएडा प्राधिकरण ने खुद बनवाने का निर्णय लिया है। बजट व ड्राइंग डिजाइन को मंजूरी के लिए आईआईटी दिल्ली को भेज दिया है। मंजूरी के बाद टेंडर की प्रक्रिया होगी। खेल परिसर को खुद बनवाया जाए या पीपीपी माडल, इस पर एक साल से भी अधिक संख्या में विचार चल रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि आईआईटी दिल्ली की मंजूरी के बाद फाइल प्राधिकरण स्तर पर बनी एक कमेटी के पास जाएगी। यहां से मंजूर होते ही टेंडर जारी कर दिया जाएगा। ऐसे में उम्मीद है कि एक माह के अंदर खेल परिसर के निर्माण के लिए प्राधिकरण टेंडर जारी कर देगा।
महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर बन जाने के बाद इसको संचालन के लिए किसी एजेंसी को दिया जाएगा। इस स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक, जेवलिन थ्रो का ग्राउंड, स्विमिंग पूल समेत अन्य सुविधाएं होंगी।
साथ ही फुटबाल ग्राउंड व दर्शकों को बैठने की जगह भी बनाई जाएगी। एक मल्टीपर्पज हाल भी बनवाया जाएगा। यहां पर 26.65 एकड़ जमीन पर खेल परिसर व अन्य सुविधाएं बनेंगी। इस परियोजना में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत आनी अनुमानित है।
खेल परिसर में इंडोर सुविधाएं
- बैडमिंटन
- टेबल टेनिस
- कुश्ती
- स्कावयश
आउटडोर सुविधाएं
- क्रिकेट ग्राउंड
- बॉलीबाल
- कबड्डी
- लांग टेनिस
- खो-खो
- जेबलिन थ्रो
- जिमनास्ट की सुविधा
- लांग जंप
- हाई जंप
- 200 मीटर रेसिंग ट्रैक
इन सेक्टरों और खिलाड़ियों को होगा फायदा
नोएडा में खेल परिसर के नाम पर सेक्टर-21 ए स्टेडियम है। यहां भी अधिकांश सुविधाएं है लेकिन भीड़ होने की वजह से खिलाड़ी को स्थान नहीं मिल पाता। ऐसे में नया बनाया जा रहा खेल परिसर काफी हद तक उभरते हुए खिलाड़ियों को सहूलियत देंगे। इसके अलावा सेक्टर-122, पर्थला, सेक्टर-119, सेक्टर-121, सर्फाबाद और ग्रेनो वेस्ट के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। |
|