जागरण संवाददाता, गोरखपुर। तिवारीपुर क्षेत्र में दुल्हन मैरिज हाउस के पास शनिवार दोपहर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष के करीब एक दर्जन युवकों ने चाय की दुकान पर धावा बोलकर ईंट-पत्थर बरसा दिए। हमले में दुकान के बाहर खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। वारदात के बाद आरोपित बेल्ट नचाते और धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई। जानकारी के अनुसार रूद्रपुर और अंधियारीबाग इलाकों के युवकों के बीच काफी दिनों से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। शनिवार दोपहर में दोनों गुट दुल्हन मैरिज हाउस के पास स्थित एक चाय की दुकान पर आमने-सामने हुए तो पहले कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गयी।
चाय की दुकान को घेरा
इसके बाद रूद्रपुर की तरफ से आए करीब एक दर्जन युवकों ने पैदल दौड़ते हुए चाय की दुकान को घेर लिया। उनके हाथों में बेल्ट और ईंट-पत्थर थे। दूसरा गुट दुकान में बैठा था, जिसने खुद को घिरता देख भागकर दुकान की छत पर शरण ली। हमलावरों ने दुकान के अंदर और बाहर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। छत पर चढ़े युवक भी चिल्ला-चिल्लाकर गालियां दे रहे थे।
हमले में चाय की दुकान के बाहर खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी निशाना बनाया गया। ईंट लगने से गाड़ियों के शीशे टूट गए। करीब दस मिनट तक बवाल चला। इसके बाद हमलावर हाथों में बेल्ट नचाते हुए, गालियां देते और धमकियां देते हुए वहां से निकल गए। घटना के दौरान आसपास की दुकानें बंद हो गईं और लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए।
राहगीर ने बनाया वीडियो
एक राहगीर ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक पक्ष के युवक बेधड़क ईंट-पत्थर फेंक रहे हैं और बेल्ट लहरा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही तिवारीपुर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी हमलावर फरार हो चुके थे। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि आरोपितों की तलाश चल रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। |