रोते-बिलखते परिजन। (जागरण)
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी(जमुई)। चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर महेशापत्थर मोड़ के समीप एक बीमार व्यक्ति को ओमनी कार ने कुचल दिया। अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान चिहरा थाना क्षेत्र के मेहशापत्थर निवासी संजू किस्कू (50) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि संजू कई दिनों से बीमार था और इलाज के लिए पैदल ही चकाई बाजार जा रहा था।
इसी दौरान वह महेशा पत्थर मोड़ के पास सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे लेटकर आराम करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी बीच एक ओमनी कार वहां पहुंची और चालक ने वाहन को बैक करने के दौरान संजू किस्कू को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों तथा चिहरा थाना पुलिस की मदद से उसे रेफरल अस्पताल चकाई लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने ओमनी कार को जब्त कर लिया है तथा शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के स्वजन अस्पताल पहुंच गए।
परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि कार गंगारायडीह गांव के एक युवक की है, जबकि उसे महेशापत्थर गांव का एक युवक चला रहा था। चर्चा है कि चालक शराब के नशे में था। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- गोपालगंज में एथेनॉल टैंकर में ट्रक ने मारी टक्कर, NH-27 पर रिसाव से मचा हड़कंप; बचाव कार्य जारी |