LHC0088 • Yesterday 18:57 • views 258
संबादसूत्र, भिंगारी बाजार। दुबई में नौकरी कर रहे खामपार नवका टोला का रहने वाले युवक की जौनपुर जनपद के शाहगंज रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर दूर सड़क पर किसी वाहन के चपेट में आने से उनकी मृत्यु हो गई। वह दुबई से प्लाइट से मुंबई पहुंचे और वहां से गोदान एक्सप्रेस से घर के लिए आ रहे थे।
खामपार थाना क्षेत्र के खामपार नवका टोला के रहने वाले कृष्णा कुशवाहा उम्र 28 वर्ष पुत्र गणेश कुशवाहा अपने घर की आर्थिक स्थिति ठीक करने के लिए एक वर्ष पूर्व दुबई कमाने गए थे। आंख में कुछ परेशानी के चलते मंगलवार को फ्लाइट से मुंबई पहुंचे। उसी शाम गोदान एक्सप्रेस से अपने घर के लिए निकले। उन्होंने स्वजन से बताया कि बुधवार की शाम घर पहुंच जाएंगे।
कहां हुए जहरखुरानी के शिकार?
शाहगंज रेलवे स्टेशन के पहले ही कहीं वह जहरखुरानी के शिकार हो गए। कयास लगाया जा रहा है कि शाहगंज रेलवे स्टेशन पर वह बदहवासी की स्थिति में उतर कर सड़क की तरफ चल पड़े। कुछ दूर जाने के बाद मुख्य सड़क पर किसी वाहन की चपेट में आ गए।
जिससे उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पर शाहगंज पुलिस पहुंची और मृतक के पास से मिले पहचान पत्र के अधार पर घर का पता चला। पुलिस ने घटना की जानकारी बुधवार की रात स्वजन को दी। जानकारी मिलने पर स्वजन जौनपुर पहुंचे और कानूनी कार्रवाई पूरा कर शाहगंज पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को उन्हें सौंप दिया। शव गुरुवार की देर रात घर पहुंचा।
शव आते ही घर में चीखपुकार मच गई। घर के एक मात्र कमाऊ युवक की मृत्यु से परिवार में विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की चार बहनें हैं जिसमें अभी एक की ही शादी हुई है। पिता गणेश, मां सुरसती, बहनों, रिश्तेदारों का जहां रो-रोकर बुरा हाल था।
वहीं पत्नी पूनम उन्हें याद कर बार-बार बेहोश हो जा रही थी। मृतक की चार वर्षीय पुत्री हैं, वहीं छह माह का एक बालक भी है। जिसने अपने पिता का अभी मुंह भी नहीं देखा है। पत्नी उस छोटे मासूम बच्चे को सीने से लगाकर दहाड़े मारकर रो रही थी।
यह भी पढ़ें- काशीराम कॉलोनी में युवक ने की फायरिंग, गोली लगने से ई-रिक्शा चालक घायल; हालत गंभीर
यह दृश्य देखकर उपस्थित लोगों की भी आंखें नम हो जा रही थीं। शुक्रवार को अंतिम संस्कार सवरेजी नदी तट पर कर दिया गया। मृतक के पिता के अनुसार शाहगंज पुलिस का कहना है कि सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। |
|