अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो चालक की मौत, चार घायल
जागरण संवाददाता, हाजीपुर(वैशाली)। हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की अल सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर पेट्रोल पंप के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो चालक की मौत हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। टेंपो में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायलों को तड़पते देख तुरंत मदद की।
चालक की मौत, चार लोग घायल
सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद टेंपो चालक निरंजन कुमार को मृत घोषित कर दिया। मृतक बिदुपुर थाना क्षेत्र के खिलवत गांव का निवासी बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर मृतक के स्वजन सदर अस्पताल पहुंच गए।
सब्जी खरीदने पटना जा रहे थे सभी
घायलों में बिदुपुर थाना क्षेत्र के खिलवत निवासी विजय साह तथा कुतुबपुर निवासी राहुल दास और गोलू कुमार शामिल हैं। सभी पेशे से सब्जी विक्रेता बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार सभी लोग टेंपो पर सवार होकर पटना के मीठापुर मंडी सब्जी खरीदने जा रहे थे। सुबह करीब 4 बजे घर से निकले थे।
सुबह 4:30 बजे हुई दुर्घटना
घायल ने बताया कि करीब 4:30 बजे सादुल्लापुर के पास अचानक अज्ञात वाहन ने टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में चालक की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई, जबकि अन्य चार लोग घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद गोलू कुमार और एक अन्य घायल को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। |
|