LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 711
सिकंदराराऊ जाने की लिए खड़ी हाथरस डिपो की रोडवेज बस
संवाद सहयोगी, जागरण हाथरस। होली के पर्व को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए 28 फरवरी से नौ मार्च तक परिवहन निगम की अतिरिक्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। अधिक से अधिक बसों को लगाया जाएगा। इसके लिए प्रोत्साहन योजना भी संचालित की जाएगी।
होली के पूर्व एवं समाप्ति के पश्चात यात्रियों के बढ़े हुए आवागमन के दृष्टिगत परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 28 फरवरी से नौ मार्च तक अधिक से अधिक बसों का संचालन किया जाना आवश्यक है। इस अवधि में निगम के संचालन की आय में अधिक वृद्धि के उद्देश्य से पूर्व की भांति विशेष प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है।
प्रोत्साहन अवधि के प्ररांभिक दिवसों में यात्रियों को ले जाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में बसें चलायी जानी हैं। ऐसी ही व्यवस्था की गई है। होली पर्व के दृष्टिगत 28 फरवरी से नौ मार्च तक रोडवेज के समस्त अधिकारी व कर्मचारी, संविदा व आउटसोर्सिंग पद्धति पर आबद्ध कार्मिकों की विशेष परिस्थितियों के अलावा छुट्टी पर रोक रहेगी।
होली पर जिले के परदेसियों को लाने-ले जाने के लिए परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। दिल्ली, नोएडा, हरिद्वार, कानपुर, लखनऊ समेत अन्य रूटों पर स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। रोडवेज डिपो के बेड़े में निगम की कुल 89 और एक अनुबंधित बसें संचलित हैं।
नोएडा और आगरा-अलीगढ़ रूट पर सबसे अधिक बसों का संचालन किया जाता है। चार मार्च को होली है, ऐसे में करीब एक सप्ताह पहले से लोग अपने घरों की ओर रुख करने लगेंगे। नोएडा, आगरा-अलीगढ़ रूट पर करीब 30 बसों को बढ़ाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- यूपी में \“साथी पोर्टल\“ बनेगा किसानों का सुरक्षा कवच, QR कोड से खुलेगा गुणवत्ता का राज
डिपो प्रशासन की ओर से बस स्टेशन पर शिफ्ट के हिसाब से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं, चालक-परिचालकों के लिए प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था होगी।
होली पर अतिरिक्त बसों के संचालन के लिए रणनीति तैयार की गई है। साथ ही बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। जहां के यात्री अधिक होंगे, पहले वहां बस भेजी जाएगी। आवश्यक्तानुसार बसों का संचालन किया जाएगा।
मंगेश कुमार, एआरएम |
|