कैप्शन: 99 वर्षीय बुजुर्ग को मारकर संदूक में छिपाया शव (एआई फोटो)
डिजिटल डेस्क, होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर के एक गांव में एक लुटेरे ने 99 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी और उसे मारकर शव घर में लोहे के संदूक में डाल दिया। पुलिस ने इस घटना को लेकर बताया कि मृतका का नाम जोगिंदर कौर था और वह चब्बेवाल इलाके के भाम गांव में मौजूद अपने घर में अकेले रहती थी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार शाम को उनकी लाश ट्रंक में मिली और उनके सिर पर चोट के निशान थे। इस बाबत उसी गांव के एक आदमी पर कातिल होने का शक जताते हुए केस दर्ज कर लिया गया है।
स्थानीय लोगों ने ढूंढना शुरू किया
पुलिस के मुताबिक, मामला तब सामने आया जब एक दूधवाले ने शाम को बुजुर्ग को अपने घर पर मौजूद नहीं पाया। उसने देखा कि पिछली शाम उनके (मृतक बुजुर्ग) दरवाजे पर रखी दूध की बोतल वैसी ही पड़ी थी।
जब उसने यह दृश्य देखा तो उसे कुछ गड़बड़ लगी और उसने पड़ोसियों को इस बात की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने बुज़ुर्ग महिला की तलाश शुरू की। वे उनके घर में घुसे और जांच करने पर, उनकी लाश एक लोहे के ट्रंक के अंदर मिली।
आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने उसी गांव के रहने वाले डेनियल नाम के एक आदमी के खिलाफ FIR दर्ज की है। मौजूदा समय में वह फरार है। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर चोरी के इरादे से महिला के घर में घुसा और लूटपाट की कोशिश के दौरान उसकी हत्या कर दी। पुलिसकर्मियों ने कहा कि मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या की सजा) और 331(3) (किसी अपराध को करने के लिए घर में चुपके से घुसना या घर में सेंध लगाना) के तहत दर्ज किया गया है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ) |
|