दिल्ली पुलिस ने कुख्यात बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार किया। जागरण
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अपराध की दुनिया में आज कल एक नया चलन देखने को मिल रहा है। हर किसी बड़े गैंग में एक लेडी डॉन भी शामिल होती है, इसका ताजा उदाहरण कुख्यात बदमाश बॉबी कबूतर की गिरफ्तारी के बाद देखने को मिला।
बता दें कि दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कुख्यात गैंगस्टर हाशिम उर्फ बाबा के खास गुर्गे बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को भी अरेस्ट कर लिया है। पुलिस की जांच में पता चला कि लेडी डॉन नेहा ही बॉबी कबूतर की फरारी के दौरान उसकी सबसे ज्यादा मदद करती थी।
लेडी डॉन खुशनुमा उर्फ नेहा। सोशल मीडिया
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग में ड्रग्स सिंडिकेट के आरोपों से जुड़ी लेडी डॉन खुशनुमा उर्फ नेहा को लेकर पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस का दावा है कि ब्यूटी पार्लर चलाने वाली खुशनुमा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है।
वहीं, इंस्टाग्राम पर डाली गई पोस्टों में वह काफी सुंदर और एक सामान्य युवती दिखती है। लेकिन उसके चेहरे के पीछे एक और खौफनाक चेहरा छिपा है। सूत्रों के अनुसार, कुख्यात बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड नेहा गैंग के बीच संपर्क रखने व बॉबी के ठिकाने बदलने में मदद करती थी।
लेडी डॉन नेहा के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर नजरे डालें तो वहां रील्स, ग्लैमरस और ब्यूटी टिप्स की तस्वीरें दिखती हैं। लेकिन दिल्ली पुलिस का दावा है कि यही प्रोफाइल गैंग के बीच कम्युनिकेशन का जरिया भी बनती थी। फिलहाल दिल्ली पुलिस नेहा के बारे में और अधिक जानकारी जुटा रही है।
लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा था बॉबी कबूतर
कुख्यात गैंगस्टर बॉबी कबूतर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी जुड़ा हुआ था। हाशिम के गिरफ्तार होने के बाद पिछले सात साल से बॉबी फरार था। हाशिम के निर्देश पर उसने और साबिर ने यमुनापार में 16 हत्या की वारदात को अंजाम दिया। वह मकोका के तीन मामले में वांछित था।
सूत्रों के मुताबिक, किसी शर्त पर बॉबी ने स्पेशल सेल के पास समर्पण किया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इतने बड़े बदमाश को सेल ने कहां से गिरफ्तार किया, इसकी अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। उसके पास कोई अत्याधुनिक हथियार व कारतूस नहीं मिलने से सेल पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
शाहरूख और अन्य के साथ बॉबी ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी की थी, ऐसा दावा स्पेशल सेल के एक अधिकारी ने किया है। इससे पहले, मध्य प्रदेश में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर रंगदारी की धमकियां मिलने की खबरें आई थीं, जिसके बाद दो व्यवसायी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। |
|