बंधवाड़ी में 24 ट्रोमल मशीनों से कूड़ा निस्तारण होगा। जागरण
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम के बंधवाड़ी में पड़े 16 लाख टन पुराने कूड़े का निस्तारण 24 ट्रोमल मशीनों से किया जाएगा। मशीनों का ट्रायल शुरू हो चुका है और 20 फरवरी से नई एजेंसी काम शुरू कर देगी। एक एजेंसी 12 ट्रोमल मशीनों के साथ काम प्रारंभ करेगी, जबकि दूसरी एजेंसी 15 मार्च से मोर्चा संभालेगी।
नगर निगम ने अगले एक वर्ष में 16 लाख टन लीगेसी कूड़े के निस्तारण का लक्ष्य तय किया है। पुराने कूड़े के साथ-साथ नया कचरा भी लैंडफिल पर बोझ बढ़ाएगा। गुरुग्राम से प्रतिदिन लगभग 1200 टन और फरीदाबाद से करीब एक हजार टन कचरा बंधवाड़ी पहुंच रहा है। इस प्रकार प्रतिदिन 2200 टन कचरा साइट पर जमा हो रहा है, जो महीने में 66 हजार टन तक पहुंच जाता है।
वैज्ञानिक तरीके से होगा कचरे का उपचार
निगम अधिकारियों का कहना है कि अब केवल डंपिंग नहीं बल्कि वैज्ञानिक तरीके से कचरे का उपचार किया जाएगा। ट्रोमल मशीनों से कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में कर खाद और आरडीएफ तैयार किया जाएगा। इससे प्रदूषण और दुर्गंध में कमी आने की उम्मीद है तथा आसपास के गांवों के बाशिंदों को राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में 10 दिन में भरे जाएंगे सड़कों के 5000 गड्ढे, अभियान के प्रथम चरण के लिए रखा गया यह लक्ष्य
बंधवाड़ी में कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रोमल मशीनों का ट्रायल शुरू हो गया है। 20 फरवरी से एक एजेंसी पूरी क्षमता के साथ काम शुरू कर देगी। दूसरी एजेंसी 15 मार्च से कार्यभार संभालेगी। एक साल में कूड़े का निस्तारण कर दिया जाएगा। - संदीप सिहाग, एक्सईएन नगर निगम गुरुग्राम |
|