LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 489
पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ में परीक्षा देने पहुंचीं छात्राओं पर पुष्प वर्षा करते संयुक्त शिक्षा निदेशक ओंकार शुक्ल।
राजेंद्र शर्मा, मेरठ। यूपी बोर्ड की वर्ष-2026 की हाईस्कूल परीक्षा के लिए बुधवार की सुबह जब बोर्ड परीक्षार्थी अपने घरों से निकले तो परीक्षा को लेकर थोड़ा तनाव महसूस कर रहे थे। यही नहीं परीक्षा को लेकर मन में थोड़ी घबराहट भी महसूस हो रही थी। कारण था पहली बार बोर्ड की परीक्षा का सामना, लेकिन जब पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ केंद्र पर पहुंचे वहां का नजारा कुछ अलग ही था।
इन परीक्षार्थियों के स्वागत में शिक्षा विभाग के जिले से लेकर मंडल स्तर तक के अधिकारी हाथों में फूल लेकर खड़े हुए थे। जैसे ही यह परीक्षार्थी गेट पर पहुंचे पुष्प वर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया। परीक्षा केंद्र पर मिले ऐसे स्वागत से परीक्षार्थियों के चेहरे पर मुस्कान छा गई। वे बिना किसी तनाव के परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षा देने के लिए पहुंचे।
जिले से लेकर मंडल स्तर के तक के अधिकारी रहे मौजूद
जिला मुख्यालय पर स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ में यूपी बोर्ड के परीक्षार्थियों के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी सुबह करीब 7:30 बजे केंद्र पर पहुंच गए थे। इनमें संयुक्त शिक्षा निदेशक ओंकार शुक्ल, क्षेत्रीय बोर्ड सचिव व जिले के पर्यवेक्षक ज्योति प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, पीएमश्री इंटर कालेज के उप प्रधानाचार्य प्रशांत कुमार व माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिला मंत्री डा. राजेश कुमार शर्मा व पीएम श्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ के शिक्षक विपिन भारद्वाज शामिल रहे।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने पुष्प वर्षा करके बच्चों का जोरदार स्वागत किया। उनको बिना किसी तनाव के परीक्षा में शामिल होने के लिए कहा। वहीं, परीक्षार्थियों का कहना था कि केंद्र पर किए गए स्वागत से उनका तनाव दूर हो गया अब वह एक अच्छे माहौल में अपनी परीक्षा देंगे।
जिले में बने हैं परीक्षा के लिए 98 केंद्र
यूपी बोर्ड की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले में कुल 98 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 77,270 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहले दिन सुबह की पाली में हाई स्कूल हिंदी की परीक्षा है। जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा है। पहली पाली का समय सुबह 8:30 से दोपहर 11:45 तक है। जबकि दूसरी पाली का समय दोपहर 2 से लेकर शाम 5:15 बजे तक है। संयुक्त शिक्षा निदेशक ओमकार शुक्ला ने बताया की दूसरी पाली में एएस इंटर कालेज मवाना पर होगा जोरदार स्वागत।
यह बोले शिक्षाधिकारी
संयुक्त शिक्षा निदेशक ओंकार शुक्ल व क्षेत्रीय बोर्ड सचिव और जिले के पर्यवेक्षक ज्योति प्रसाद का कहना है कि केंद्र पर पुष्प वर्षा कर परीक्षार्थियों का स्वागत करके तनाव रहित माहौल देने का प्रयास किया गया है ताकि वे अच्छे माहौल में अपनी परीक्षा दें सकें उन्हें केंद्र पर आकर कोई डर नहीं बल्कि अच्छा महसूस हो। |
|