search

मुजफ्फरपुर में घर में घुसकर सो रही किशोरी की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

cy520520 3 hour(s) ago views 731
  

सांकेतिक तस्वीर



संवाद सहयोगी, सकरा( मुजफ्फरपुर)। थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ 17 वर्षीय नाबालिग युवक ने घर में घुसकर 15 वर्षीय किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम पसरा हुआ है।

मृतका की पहचान मंसूरपुर निवासी अनिल कुमार शर्मा की पुत्री सोनम कुमारी के रूप में हुई है। वहीं आरोपी उसी गांव का रहने वाला विक्की कुमार सहनी बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
रात में सोते समय बरसाईं गोलियां

परिजनों के अनुसार घटना रात करीब 12:46 बजे की है। उस समय सोनम अपनी दो बहनों के साथ कमरे में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी चुपके से घर में घुसा और सीधे कमरे तक पहुंच गया। बताया जाता है कि उसने सोनम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

आरोपी ने दो राउंड गोली चलाई, जिसमें एक गोली किशोरी के सिर में जा लगी। गोली लगते ही सोनम की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार वालों का कहना है कि वारदात इतनी खामोशी से हुई कि उन्हें तुरंत इसकी भनक तक नहीं लगी। काफी देर बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खटखटाया, तब जाकर परिवार को घटना की जानकारी हुई।
शादी के डीजे की आवाज में दब गई गोली की आवाज

परिजनों ने बताया कि घटना की रात पड़ोस में शादी समारोह चल रहा था। पूरी रात तेज आवाज में डीजे और अश्लील गाने बज रहे थे। तेज साउंड की वजह से गोली चलने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
पहले भी हुई थी आपराधिक घटना

मृतका के बड़े चाचा ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनके परिवार की एक महिला के साथ आपराधिक घटना हुई थी, लेकिन उस समय पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि अगर पहले सख्ती होती तो शायद यह घटना नहीं होती।
आरोपी ने कबूला जुर्म, जांच जारी

सकरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग विक्की कुमार सहनी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार भी कर ली है।

थाना पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं आपसी रंजिश, एकतरफा संबंध या अन्य कारण को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
159472