LHC0088 • Yesterday 22:26 • views 1097
भारतीय रेल :
संवाद सूत्र, जमुई। भारतीय रेल : जमुई रेलवे स्टेशन पर जल्द ही अमृत भारत और वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की संभावना है। सांसद अरुण भारती ने कहा कि जमुई स्टेशन का विकास आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जा रहा है और इसे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शीघ्र ही रेल मंत्री से मुलाकात कर आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित हो सके।
सांसद ने कहा कि अमृत भारत और वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों के ठहराव से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी और छात्रों व कामकाजी लोगों को आवागमन में विशेष सहूलियत मिलेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कटौना और चौरा स्टेशनों पर कई लोकल ट्रेनों के ठहराव को सुनिश्चित करने की प्रक्रिया चल रही है। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम होगा।
इसके अतिरिक्त जमुई स्टेशन पर अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी प्रयास तेज किए जा रहे हैं। सांसद ने कहा कि इस विषय पर भी रेल मंत्री से मिलकर सकारात्मक पहल की जाएगी। साथ ही स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं के विस्तार, साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और डिजिटल सूचना प्रणाली को भी सुदृढ़ किया जाएगा।
झाझा–बटिया रेल लाइन परियोजना पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अधिकांश बाधाएं दूर कर ली गई हैं। उम्मीद है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार जमुई के समग्र विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। |
|