होली पर यात्रियों के लिए खुशखबरी, चर्लपल्ली-रक्सौल सहित कई स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
संवाद सहयोगी, मोतिहारी। पूर्व मध्य रेलवे होली के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर चर्लपल्ली से रक्सौल के बीच होली स्पेशल ट्रेन चलाएगी। इस संबंध में रेलवे ने अधिसूचना जारी कर समय सारिणी जारी कर दिया है। इसकी जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने दी है।
उन्होंने बताया है कि होली के अवसर पर इन स्पेशल ट्रेनों के अलावा और भी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या-07005 चर्लपल्ली-रक्सौल स्पेशल ट्रेन (रांची-बोकारो-धनबाद-झाझा-बरौनी-समस्तीपुर-दरभंगा-सीतामढ़ी के रास्ते) 23 एवं 28 फरवरी तथा 01 मार्च को चर्लपल्ली से 22.00 बजे खुलकर तीसरे दिन 03.50 बजे धनबाद, 10.50 बजे बरौनी, 13.33 बजे दरभंगा रुकते हुए 16.50 बजे रक्सौल पहुंचेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या- 07006 रक्सौल-चर्लपल्ली स्पेशल 26 फरवरी तथा 03 एवं 04 मार्च को रक्सौल से 03.15 बजे खुलकर 07.10 बजे दरभंगा, 09.30 बजे बरौनी, 16.00 बजे धनबाद रुकते हुए अगले दिन 19.40 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 09451/09452 गांधीधाम-भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल ट्रेन गोरखपुर-नरकटियागंज-बापूधाम मोतीहारी-मुजफ्फरपुर-बरौनी के रास्ते चलाई जा रही गाड़ी संख्या 09451/52 गांधीधाम-भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल का परिचालन विस्तार होली स्पेशल के रूप में किया गया है।
गाड़ी संख्या- 09451 गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल 06 मार्च से 27 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार तथा गाड़ी संख्या-09452 भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल 09 मार्च से 30 मार्च तक प्रत्येक सोमवार को अपने पुराने समय एवं ठहराव के अनुसार होली स्पेशल के रूप में परिचालित की जाएगी। |