मतदाता बनने से पहले जरूरी जमा करें रिकॉर्ड।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। इस एसआईआर में जो मतदाता नहीं बनेंगे, उन्हें अगले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। विशेष कर उन युवाओं के लिए जो आज 18 वर्ष के हो रहे हैं, लेकिन मतदाता बनने के लिए फॉर्म छह नहीं भर रहे हैं।
दस या पंद्रह साल बाद जब भी एसआईआर का अभियान चलेगा तो उन्हें मुश्किलें होंगी। इसलिए वह सभी नागरिक इस अभियान में हिस्सा बनें और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं। इस उद्देश्य से बीएलओ के अतिरिक्त आशा, समूह सदस्य व शिक्षा विभाग के कार्मिकों को लगाया गया है।
कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से न छूटने पाए, इसके लिए घर-घर चल रहे सर्वे के अतिरिक्त अब गांवों में शिविर लगाकर भेजे गए नोटिस का निस्तारण किया जा रहा है।
BLO एकत्र कर रहे डॉक्यूमेंट
लोगों से फॉर्म छह, सात व आठ भी भरवाए जा रहे हैं, ताकि मतदाताओं की संख्या बढ़े। तार्किक त्रुटि वाले मतदाताओं से बीएलओ कागजात एकत्र कर रहे हैं। उन्हें शिविर के दौरान नोटिस प्राप्त करने वाले व्यक्ति के साथ उनके द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे अभिलेखों की फोटो खींचकर उन्हें अपलोड करने की तकनीकी जानकारी भी दी जा रही है।
लम्भुआ विकास खंड के बेलाही ग्राम पंचायत में डीसी मनरेगा व प्रभारी खंड विकास अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने शिविर लगाया। उन्होंने 35 लोगों के नोटिस का निस्तारण किया।
नए मतदाता बनने के लिए भरे फॉर्म-छह
इस दौरान उन नागरिकों की नोटिस का भी निस्तारण किया गया जो तहसील में नहीं पहुंच सके थे। साथ ही साथ 18 वर्ष पूरे कर चुके व अभी तक मतदाता न बनने वालों से फॉर्म छह भरवाया गया।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को 70 मामले निस्तारित किए गए थे। सदर तहसील में 100 से अधिक की सुनवाई की गई।
निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति एसआईआर अभियान में न छूटने पाए। वह मतदाता जरूर बने, इसके लिए बीएलओ, घर-घर संपर्क अभियान व शिविर आदि माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। जो लोग अभी तक फॉर्म छह नहीं भर पाएं हैं, वह मतदाता बनने के लिए आवेदन जरूर करें। जिन लोगों ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है, वह भी शीघ निराकरण कराएं। -गौरव शुक्ल, एडीएम प्रशासन।
यह भी पढ़ें- यूपी में SIR के दौरान 95,576 वोटरों की हो चुकी सुनवाई, एक लाख मतदाताओं को नोटिस जारी
यह भी पढ़ें- यूपी में SIR अभियान में तेजी लाने के लिए 74 अतिरिक्त AERO तैनात, फरवरी में पूरा करना होगा वेरिफिकेशन का काम |