अनियंत्रित स्कॉर्पियो के पेड़ से टकराने से दारोगा की मृत्यु।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। जलसाझी के एक मामले में श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की स्कार्पियो गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर कतरारी काली मंदिर के पास अनियंत्रित होकर नीम के पेड़ को तोड़ते हुए दीवार से जा टकराई।
हादसे में वाहन में सवार तीन दारोगा समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां उपचार के दौरान दारोगा संतोष कुमार की मृत्यु हो गई। मृतक संतोष कुमार मूल रूप से सिवान (बिहार) के असांव क्षेत्र के सहसरावं के रहने वाले थे। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
हादसे के बाद भोर का सन्नाटा चीख-पुकार में बदला
महराजगंज: गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर कतरारी काली मंदिर के पास मंगलवार भोर का सन्नाटा अचानक चीख-पुकार में बदल गया। तेज आवाज के साथ हुई टक्कर के बाद आसपास के ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। मंदिर के पास खड़ा पुराना नीम का पेड़ बीच से टूटा पड़ा था और स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
वाहन का शीशा चकनाचूर होकर सड़क पर बिखरा था, जबकि दीवार का एक हिस्सा भी दरक गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी।
कुछ लोग तुरंत दौड़कर वाहन तक पहुंचे और दरवाजे खोलने का प्रयास किया। अंदर फंसे घायलों की कराह सुनकर माहौल और दहला उठा। ग्रामीणों ने प्राथमिक तौर पर खून रोकने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी।
काश, साथियों की बात मान गए होते
महराजगंज में घने कोहरे ने एक बार फिर जान ले ली। सड़क पर दृश्यता बेहद कम थी और साथी पुलिसकर्मियों ने पहले ही सावधानी बरतने की सलाह दी थी। बताया जा रहा है कि सिंदुरिया से ड्यूटी पर निकलने से पहले साथियों ने खराब मौसम और घने कोहरे का हवाला देते हुए वाहन से जाने से मना किया था। उन्होंने इंतजार करने या मौसम साफ होने तक रुकने की बात कही थी, लेकिन जल्दबाजी भारी पड़ गई।
नहीं मिल रहे पात्र, योजना का लाभ अटका
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से संचालित दिव्यांगजन शादी-विवाह प्रोत्साहन योजना इस समय पात्रों के अभाव में अटकी हुई है। विभाग को इस वित्तीय वर्ष में 30 लाभार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य मिला है, लेकिन अब तक केवल 11 पात्र ही मिल सके हैं।
शेष 19 संभावित लाभार्थियों की तलाश जारी है। बावजूद इसके अपेक्षित संख्या में आवेदन सामने नहीं आ पा रहे हैं। इससे योजना का लाभ समय पर पहुंचना मुश्किल होता जा रहा है।
अपराधियों पर कार्रवाई करें, अपराधों पर अंकुश लगाएं- डीआईजी
डीआईजी एस चनप्पा ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। समीक्षा के दौरान डीआईजी ने अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, महिला अपराध, संगठित अपराध तथा वारंटियों की गिरफ्तारी की प्रगति की जानकारी ली।
बैठक में डीआईजी ने निर्देश दिया कि संवेदनशील मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और गंभीर अपराधों में साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया मजबूत की जाए। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।
भूमि विवाद में पट्टीदारों पर मारपीट का आरोप
पुराने भूमि विवाद को लेकर हुए झगड़े में मां-बेटे से मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम चेहरी टोला वहबोलिया निवासी शिवम सहानी पुत्र श्यामसुन्दर की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। |
|