सेंट्रल सर्वर स्लो होने से दोपहर तक बनी रही दिक्कत। सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सेंट्रल सर्वर स्लो और फेल होने से सोमवार को रजिस्ट्री विभाग का कामकाज काफी प्रभावित रहा। दोपहर करीब 12:30 बजे तक रजिस्ट्री पूरी तरह ठप रही। तहसील सदर के सब रजिस्ट्रार प्रथम व द्वितीय कार्यालय में करीब 20 रजिस्ट्रियां लंबित हो गईं।
ऐसे में लोगों की परेशानी और राजस्व प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए अधिकारियों ने बिना आधार सत्यापन के ही रजिस्ट्री शुरू कराने का निर्णय लिया।हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जिन दस्तावेजों की रजिस्ट्री बिना आधार सत्यापन के की गई थी, उनका सत्यापन बाद में सर्वर चालू होने पर पूरा करा लिया गया। शाम चार बजे तक सर्वर रुक-रुक कर चलता रहा, जिससे आवेदकों को लंबा इंतजार करना पड़ा। अंतिम एक घंटे में सर्वर की गति सुधरने पर दोनों कार्यालयों में कुल 141 रजिस्ट्रियां संपन्न हुईं।
सेंट्रल सर्वर फेल होने की सूचना अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों को ग्रुप के माध्यम से दे दी गई थी। सुबह काउंटरों पर सन्नाटा रहा और क्रेता, विक्रेता व गवाह बाहर इंतजार करते दिखे। बाद में उच्चाधिकारियों से चर्चा कर रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू कराई गई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के जंगल कौड़िया में 270 हेक्टेयर में बसेगी अत्याधुनिक आवास विकास टाउनशिप, रोजगार और निवेश के बढ़ेंगे अवसर
इसी तरह जिले की अन्य छह तहसीलों में भी सर्वर स्लो रहने से काम प्रभावित रहा। अधिवक्ताओं ने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद सर्वर सुचारु रूप से काम नहीं कर रहा है, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
एआइजी स्टांप एवं पंजीयन संजय कुमार दुबे ने बताया कि सेंट्रल सर्वर स्लो होने के कारण रजिस्ट्री बाधित हुई थी। लोगों की समस्याओं को देखते हुए सातों तहसीलों में बिना आधार सत्यापन के रजिस्ट्री कराई गई, लेकिन बाद में सभी का आधार सत्यापन पूरा करा लिया गया। |