जागरण संवाददाता, आगरा। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन के यात्रा टिकट परीक्षक (टीटीई) विश्राम गृह के निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ है। दो माह पूर्व विश्राम गृह में गतिशक्ति यूनिट से कार्य हुआ था।
गृह में आराम कर रहे कोटा रेल मंडल के तीन टीटीई पर प्लास्टर गिर पड़ा। इससे खलबली मच गई। 14 फरवरी को हुई इस घटना का सोमवार को इंटरनेट मीडिया में वीडियो प्रसारित हुआ।
कोटा रेल मंडल प्रशासन ने दोषियों पर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के लिए कहा है। रेलवे ने जांच के आदेश दिए हैं।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज जोन के महाप्रबंधक राजीव चौधरी के कार्यकाल में टीटीई विश्राम गृह बना था। तीन मार्च 2020 को उन्होंने गृह का लोकार्पण किया था। दिसंबर 2025 में गति शक्ति यूनिट से गृह में कार्य हुआ था।
गृह में हर दिन तीन दर्जन से अधिक टीटीई आराम करते हैं। 14 फरवरी को कोटा रेल मंडल के तीन टीटीई आराम कर रहे थे। तभी छत से प्लास्टर गिरना शुरू हो गया। यह देखकर टीटीई घबरा गए। एक टीटीई बेड पर ही बैठ गए और कुछ समझ नहीं सके। प्लास्टर गिरने की घटना को रेलवे ने दबा दिया।
सोमवार को इंटरनेट मीडिया में वीडियो प्रसारित हुआ। साथ ही कोटा रेल मंडल ने घटना को लेकर आपत्ति भी जताई। मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि अगर किसी टीटीई की जान चली जाती तो आखिर इसका दोषी कौन होता। इतनी बड़ी घटना के बाद भी दोषियों पर कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है।
इस घटना को लेकर टीटीई एसोसिएशन में भी रोष है। एसोसिएशन के एक पदाधिकारी ने बताया कि गृह के निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ है। छह साल में आखिर किस तरीके से प्लास्टर गिर सकता है।
अगर किसी कर्मचारी के सिर पर प्लास्टर गिरता तो उसकी जान भी जा सकती थी। ऐसे में ठेकेदार सहित अन्य पर कार्रवाई होनी चाहिए। दो माह पूर्व गृह की मरम्मत हुई थी। मरम्मत कार्य में लापरवाही बरती गई है।
ईदगाह वेटिंग रूम में गिरा था प्लास्टर
डेढ़ माह पूर्व ईदगाह रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में प्लास्टर गिरा था। इससे दो महिला यात्री घायल हो गई थीं। इंटरनेट मीडिया में वीडियो प्रसारित होने के बाद रेलवे ने जांच के आदेश दिए थे।
टीटीई विश्राम गृह की छत से प्लास्टर गिरने की घटना की जांच कराई जा रही है। छह साल पूर्व गृह बना था।
प्रशस्ति श्रीवास्तव, जनसंपर्क अधिकारी आगरा रेल मंडल
2.24 करोड़ रुपये का वसूला जुर्माना
जासं, आगरा : रेल मंडल आगरा ने जनवरी में विशेष जांच अभियान चलाया। आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन सहित अन्य स्टेशनों में चले अभियान में 35,564 यात्रियों को पकड़ा गया। यात्रियों से 2.24 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसमें 18005 बेटिकट यात्रियों से 1.33 करोड़ रुपये की वसूली की गई।
आज से पांच दिन बंद रहेगा कीठम-फरह रेलवे फाटक
जासं, आगरा : नई दिल्ली-आगरा रेल मंडल स्थित कीठम-फरह रेलवे फाटक नंबर 515 मंगलवार से लेकर 22 फरवरी की तक बंद रहेगा। क्षेत्रीय लोग फाटक नंबर 514 और 516 से होकर गुजर सकेंगे। |
|