अबुल इनाम उर्फ लादेन। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मधुबनी। बासोपट्टी थाना और SSB ने नगर थाना क्षेत्र के कोतवाली चौक मुहल्ले से अबुल इनाम उर्फ लादेन को जाली नोट के धंधे और पाकिस्तानी नागरिक को पिछले दिनों भगाने के मामले में गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ राघव दयाल ने बताया कि बासोपट्टी थाना कांड संख्या 40/25 जाली नोट कारोबारी मामले में गिरफ्तारी हुई है।
गौरतलब है कि पिछले साल एसएसबी ने बासोपट्टी नेपाल सीमा पर जानकीनगर एसएसबी कैंप के जवानों ने जयनगर कमलाबाड़ी के मो. साहिर को 13 हजार जाली नोट के साथ गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में उसने खुलासा किया था कि जाली नोट पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते लाया जा रहा है। इसमें पाकिस्तान का मो अंसारी मधुबनी में रहकर जाली नोट के धंधे को हैंडल कर रहा था।
लगातार नंबर ट्रेस कर रही थी पुलिस
इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में पाकिस्तान के मो. अंसारी को नामजद किया गया था। उस पूछताछ के दौरान एसएसबी और स्थानीय पुलिस को एक नंबर का पता चला था, जिसके आधार पर सुरक्षा एजेंसी पाकिस्तानी मो अंसारी का पीछा कर रही थी।
जानकारी मिली थी कि मो अंसारी मधुबनी शहर के कोतवाली चौक के पास रह रहा था। मगर वह सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर फरार हो गया था। उसका लास्ट लोकेशन झंझारपुर था।
उसके बाद वह ट्रेसलेस हो गया था। पिछले दिनों लखनौर थाना क्षेत्र में 70 हजार के जाली नोट देकर भैंस की खरीद हुई थी। इस मामले में पुलिस ने दरभंगा से बबलू नाम के एक आरोपी को पकड़ा था।
बबलू के साथ एक और धंधेबाज था, जिसका रिकॉर्ड जाली नोट के धंधे से पहले से जुड़ा था। उसी मामले की जांच के दौरान कोतवाली चौक मुहल्ले के अबुल इमान उर्फ लादेन का पता चला, जिसने मो अंसारी को भगाने में मदद की थी। सुरक्षा एजेंसियां आगे की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें- कटिहार में 300 दुकानें जलकर खाक: दुकानदार बोले- लगन के लिए कर्ज लेकर भरा था सामान, आंखों के सामने हुआ तबाह
यह भी पढ़ें- सासामुसा चीनी मिल: बंद गेट से फिर जगी उम्मीद, उत्तर बिहार की अर्थव्यवस्था को मिल सकता है नया सहारा |