LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 943
बिहार में 400 मीटर दौड़ के लिए बनेगी अकादमी। सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में 400 मीटर दौड़ के लिए अत्याधुनिक एथलेटिक अकादमी स्थापित की जाएगी। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने बताया कि पोर्टब्लेयर में आयोजित एथलेटिक्स फेडरेशन आफ इंडिया (एएफआइ) की कार्यकारी समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में शामिल होने गए शंकरण ने बताया कि इस संबंध में फेडरेशन द्वारा शीघ्र ही विस्तृत प्रस्ताव बिहार राज्य खेल प्राधिकरण को भेजा जाएगा। प्रदेश में एथलेटिक्स प्रतिभाओं की पहचान को व्यवस्थित और वैज्ञानिक आधार देने के उद्देश्य से फेडरेशन ने एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है, जिसकी अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त एथलीट अंजू बाबी जार्ज करेंगी।
यह समिति बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के पास उपलब्ध खिलाड़ियों के डेटा का विश्लेषण कर संभावनाशील प्रतिभाओं का चयन करेगी। बैठक में प्रशिक्षण के स्तर को सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया गया। इसके तहत राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप ‘स्टेट स्पेसिफिक कोच डेवलपमेंट प्रोग्राम’ संचालित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे स्थानीय प्रशिक्षकों की क्षमता में वृद्धि होगी और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा।
इसके अतिरिक्त, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा चिन्हित और चयनित क्षेत्रों में अपने विशेषज्ञों की टीम भेजकर जमीनी स्तर पर प्रतिभा पहचान अभियान चलाने पर सहमति जताई है। यह पहल ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। |
|