अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस की एक्स-वाइफ मैकेंजी स्कॉट। (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस की एक्स-वाइफ मैकेंजी स्कॉट ने अरबों रुपये दान कर दिए थे। अब उन्होंने बताया है कि जब वह डोनेशन देती हैं तो वह किसके बारे में सोचती हैं। उनका कहना है कि बड़े पैमाने पर परोपकार करने का यह नजरिया उनके शुरुआती सालों में लोगों से मिले दयालु स्वभाव से मिला है।
पिछले साल अक्टूबर में अपनी समाज सेवी संस्था यील्ड गिविंग वेबसाइट पर छपे एक लेख में स्कॉट ने कहा कि वह अक्सर उन लोगों के बारे में सोचती हैं जिन्होंने कॉलेज स्टूडेंट के तौर पर पैसे की तंगी में उनकी मदद की थी।
कॉलेज के दिनों में दोस्तों से लिया था उधार
उन्हें याद करते हुए कहा कि जब वह इलाज का खर्च नहीं उठा सकती थीं तो उन्होंने पढ़ाई छोड़ने से बचने के लिए अपने कॉलेज रूममेट से पैसे उधार लिए थे और एक लोकल डेंटिस्ट से मुफ्त में दांतों का इलाज कराया था।
स्कॉट ने लेख में लिखा, “ये ऐसे असर हैं जो हमारे किसी भी दयालु काम की ताकत की कल्पना करना नामुमकिन बना देते हैं। जब भी मैंने हजारों तोहफे दिए तो मैंने किसकी दरियादिली के बारे में सोचा? वह लोकल डेंटिस्ट ही था जिसने मुझे कॉलेज में टूटे हुए दांत को डेन्चर ग्लू से जोड़ते हुए देखकर मुफ्त डेंटल वर्क की पेशकश की थी।”
उन्होंने आगे कहा, “कॉलेज की रूममेट ने मुझे रोते हुए पाया और उसने मुझे दूसरे साल में पढ़ाई छोड़ने से बचाने के लिए एक हजार डॉलर उधार दिए।“
दान कर दिए थे 58 मिलियन के अमेजन शेयर
मैकेंजी स्कॉट ने लगभग 58 मिलियन अमेजन शेयर दान कर दिए। उन्होंने 2020 से अब तक लगभग 58 मिलियन अमेजन शेयर दान किए हैं, जिससे 2019 में बेजोस से तलाक के बाद उन्हें मिली हिस्सेदारी में काफी कमी आई है। तलाक के बाद मैकेंजी स्कॉट को अमेजन में लगभग 4% हिस्सेदारी मिली, जो उस समय लगभग 139 मिलियन शेयर थी। तब से उन्होंने उस हिस्सेदारी में लगभग 42% की कटौती की है।
यह भी पढ़ें: अमेजन से नाता तोड़, दान की राह पर जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी! 42 फीसदी शेयर बेचकर किया नेक काम |