मंच पर मौजूद अतिथि।
जागरण संवाददाता, आगरा। भीमनगरी समारोह आयोजन समिति की ओर से ग्यासपुरा क्षेत्र की 31वीं ऐतिहासिक एवं हाईटेक भीमनगरी का आयोजन शाहगंज स्थित कोठी मीना बाजार में किया जाएगा। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर होने वाले इस तीन दिवसीय समारोह की तैयारियों को लेकर भीमनगरी कार्यालय का उद्घाटन रविवार को शाहगंज स्थित जूता प्रदर्शनी केंद्र पर किया गया।
31वें भीमनगरी आयोजन को हाईटेक बनाने की तैयारी
केंद्रीय पंचायती राज राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल का कहना था कि भीमनगरी उत्तर भारत ही नहीं, देश का सबसे बड़ा जयंती समारोह है। उन्होंने आयोजन में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को आमंत्रित करने का प्रस्ताव रख प्रशासन से निर्धारित तिथि से पांच दिन पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने का आग्रह किया।
डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी का कहना था कि भीमनगरी कार्य समिति की बैठक शीघ्र आयोजित करके ट्रैफिक और आधारभूत संरचना से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाएगा। प्रशासन आयोजन समिति के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्ण सहयोग देगा।
ग्यासपुरा क्षेत्र की ओर से कोठी मीना बाजार में होगा आयोजन
विधायक डॉ. जीएस धर्मेश का कहना था कि भारत रत्न डा. भीमराव आंबेडकर का जयंती समारोह कोठी मीना बाजार में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। आयोजन के माध्यम से बाबा साहेब के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। मुख्य संरक्षक एड. करतार सिंह भारतीय ने बताया कि इस बार शाहगंज क्षेत्र का सर्वसमाज और व्यापारी वर्ग उत्साह के साथ शामिल होगा।
केंद्रीय समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने बताया कि 1996 से भीमनगरी को विस्तार देने का कार्य निरंतर जारी है और इस वर्ष का आयोजन और भी भव्य होगा। महामंत्री श्याम जरारी ने प्रो. बघेल से ग्यासपुरा में एक पुस्तकालय की स्थापना की मांग की। क्षेत्रीय समिति अध्यक्ष सुभाष सागर व महामंत्री महेंद्र सिंह ने बताया कि 2026 की भीमनगरी को अद्वितीय और यादगार बनाने के लिए समिति दिन-रात कार्य कर रही है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन संयोजक राहुल सागर ने किया। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय पंचायती राज राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी, मुख्य संरक्षक एडवोकेट करतार सिंह भारतीय, देवेंद्र सिंह चिल्लू, केंद्रीय समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी, महामंत्री श्याम जरारी, क्षेत्रीय समिति अध्यक्ष सुभाष सागर, महामंत्री महेंद्र सिंह आदि ने फीता काटकर किया। संरक्षक प्रताप सिंह, रवि शंकर, राजा बाबू बौद्ध, संजय सिंह, वीर प्रकाश बंटी, सिंधी जनवेजा, अजय राना, ऋषि कुमार, राजू वर्मा, भारतेन्दु अरुण, पार्षद गजेंद्र पिप्पल मौजूद रहे।
सुमन को जाने को लेकर रही चर्चा
कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन भी पहुंचें। मंच से उनका अभिवादन भी किया गया। लेकिन वह मंच पर नहीं बैठे और बीच कार्यक्रम के बीच से चले गए। इसको लेकर कुछ लोगों में चर्चा रही कि उन्हें मंच पर स्थान नहीं मिला, जिस कारण वह नाराज होकर चले गए। हालांकि संस्था पदाधिकारियों ने इस तरह की किसी भी बात को नकारा है। |
|