महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के साथ हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। महाशिवरात्रि पर ट्रांस हिंडन के मंदिरों के शिवालय सज-धज कर अद्भुत नजर आए। जलाभिषेक के लिए सुबह से ही मंदिरों में लंबी लाइन लग गई। इस दौरान जलाभिषेक के साथ ही मंदिर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। हर तरफ भगवान शिव की भक्ति नजर आ रही थी।
मोहननगर के दुर्गा माता मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। यहां हजारों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा। कौशांबी के प्राचीन सनातन धर्म मंदिर में रूद्राभिषेक के लिए ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग से 21 नर्मदेश्वर महा शिवलिंग मंगाए गए थे।
यहां सुबह में जलाभिषेक के बाद शाम को दंपतियों ने एक साथ रूद्राभिषेक किया। इस दौरान महिलाओं ने भजन-कीर्तन भी किया। इसके बाद महा आरती व प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। मोहन नगर के पार्श्वनाथ पैराडाइज सोसायटी स्थित श्री शिव शक्ति मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित डा. गिरीश मिश्रा ने बताया कि मंदिर में एक दिन पहले ही सभी तैयारियां कर ली गई थीं। सुबह से ही जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए।
मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए गंगाजल की व्यवस्था भी की गई थी। न्याय खंड तीन के शिव शक्ति हनुमान मंदि में महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर पंडित सुरेंद्रनाथ शर्मा, रमेश जायसवाल, देवेंद्र कुमार, देव कुमार, रंजन, खुशबू पाठक आदि मौजूद रहे।
दो हजार शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक
शिप्रा रिवेयरा प्राचीन हनुमान मंदिर में महाशिवरात्रि पर करीब दो हजार शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। सुबह पांच बजे से ही यहां लंबी लाइन लग गई थी। बच्चे, बुजुर्ग, महिला सभी में उत्साह रहा। हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से जलाभिषेक किया। सभी ने सामूहिक रूप से आरती भी की। सोसायटी के गेट नंबर एक पर भंडारे का आयोजन किया गया। भक्तों को चंदन का तिलक लगाने के साथ ही प्रसाद वितरण किया गया।
लोनी के मंदिरों में भी रही श्रद्धालुओं की भीड़
महाशिवरात्रि पर लोनी में शहर से लेकर गांव तक के मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई। मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। भक्तों ने व्रत रखते हुए भगवान शिव की पूजा अराधना की। कई मंदिरों में श्रद्धालुओं को दो से तीन घंटे जलाभिषेक के लिए इंतजार करना पड़ा।
शिवालयों में इस दौरान भव्य शिव श्रृंगार, शिव आरती व भजन कीर्तन का आयोजन भी किया जाता रहा। बंथला के मोक्ष धाम मंदिर, बलराम नगर के शिव मंदिर, राहुल गार्डन के शिव सनातन मंदिर आदि में हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर विकास समिति के सदस्य, पुलिस बल, महिला पुलिस, स्वयं सेवक भक्तों की सेवा में लगे रहे।
यह भी पढ़ें- लोनी डंपिंग ग्राउंड का विरोध: पुलिस और प्रदर्शनकारियों में तीखी झड़प, लाठीचार्ज में कई घायल |
|