महिला से जालसाज ने की ऑनलाइन ठगी (प्रतीकात्मक चित्र)
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र से ऑनलाइन ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां, गूगल पर डॉक्टर का नंबर सर्च करना एक परिवार को भारी पड़ गया। ठगों ने डॉक्टर बनकर बात की और उपचार के नाम पर एक ऐप डाउनलोड कराकर शिक्षक की पत्नी से एक लाख उनसठ हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित परिवार अब पुलिस के चक्कर काट रहा है।
जानकारी के अनुसार, ब्यौहारी निवासी शिक्षक शिवेश कुमार सिंह के बेटे का नागपुर में इलाज चल रहा है। बेटे की तबीयत खराब होने पर शिवेश की पत्नी आरती सिंह, डॉक्टर से अपाइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर नंबर सर्च कर रही थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर साइबर ठग का कॉल आया। उसने खुद को डॉक्टर का स्टाफ बताते हुए आरती सिंह को विश्वास में लिया और उनसे मोबाइल ऐप डाउनलोड करने को कहा।
आरती ने जैसे ही ऐप डाउनलोड किया, ठगों ने उनके खाते से रकम निकालनी शुरू कर दी। पहले दो बार में 50-50 हजार रुपये और फिर एक बार में 59 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। आरती सिंह के सामने ये सब होता रहा, लेकिन वो कुछ कर नहीं पाईं।
यह भी पढ़ें- MP में शिवपुरी हत्याकांड पर वकीलों में आक्रोश, कल न्यायिक कार्य का बहिष्कार, सरकार को 7 दिन का अल्टीमेटम
पुलिस के चक्कर काट रहा शिक्षक
एक छोटी सी असावधानी के चलते न केवल आरती सिंह के मेहनत की कमाई ठगों के पास चली गई। बल्कि डॉक्टर का अपाइंटमेंट भी नहीं मिल पाया। अब शिक्षक पिता बीमार बेटे के इलाज और ठगों से धनराशि वापसी के लिए जिला मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान ने कहा कि शिकायत मिली है। साइबर सेल के माध्यम से जांच कराई जा रही है। |